08-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

सामूहिक शक्ति प्रदेश के विकास में लगे- मुख्यमंत्री चौहान

Previous
Next

मंत्रि-परिषद की बैठक में मुख्य सचिव डिसा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित
मुख्य सचिव कार्यालय में नियुक्त ओ.एस.डी. सिंह का स्वागत
 


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज यहाँ संपन्न मंत्रि-परिषद की बैठक में जारी माह के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गयी। मुख्य सचिव कार्यालय में ओ.एस.डी.के पद पर नियुक्त हुए बसंत प्रताप सिंह का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्य सचिव डिसा के कार्यकाल में प्रदेश ने विकास के नये सोपान छुए। मुख्य सचिव के रूप में चुने गये सिंह नये उत्तरदायित्व में परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे। उन्होंने कहा कि टीम मध्यप्रदेश के रूप में हमें जनता के भविष्य को बनाने का दुर्लभ अवसर मिला है। प्रदेश विकास के लिये टेक ऑफ की स्थिति में है। अब इस उड़ान को विराम नहीं दे सकते। हमारी सामूहिक श‍क्ति प्रदेश के विकास में लगे। टीम मध्यप्रदेश के रूप में हर सदस्य बेहतर प्रदर्शन करे। विकास के ग्यारह सूत्री एजेंडे पर अमल करे। जन-कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दे। प्रदेश को विकास के क्षेत्र में इतना आगे ले जाये कि वर्तमान नहीं बल्कि भविष्य के लिये उदाहरण बने।

मुख्य सचिव डिसा ने कहा कि मुख्य सचिव के रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर मिला। बीते तीन वर्षों में मुख्यमंत्री के नेतृत्व और मार्ग दर्शन में उपलब्धियाँ हासिल की गयी। पूरे कार्यकाल के दौरान मिला स्नेह और समर्थन हमेशा याद रहेगा। मंत्री-मंडल के सदस्यों का हमेशा सकारात्मक सहयोग मिला। नये मुख्य सचिव श्री सिंह विकास के सतत चल रहे कार्यक्रमों को आगे बढ़ायेंगे।

नये मुख्य सचिव के रूप में चुने गये सिंह ने कहा कि मुख्य सचिव डिसा के बाद यह दायित्व संभालना चुनौती है। वे इसे संपूर्ण परिश्रम से निभायेंगे। उन्होंने मंत्रि-परिषद की ओर से कृतज्ञता प्रस्ताव पढ़ा। इस प्रस्ताव में डिसा के सेवा काल की प्रशंसा करते हुए उनके भावी जीवन के लिये शुभकामनाएँ व्यक्त की गयी हैं। इस अवसर पर मंत्रीमंडल के सदस्य तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26737869

Todays Visiter:3359