26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

कोलारस में विकास की जिम्मेदारी भाजपा और शिवराज कीः मुख्यमंत्री

Previous
Next

कांग्रेस ने खुद के स्वार्थ के लिए जनता की भलाई को नजरअंदाज किया
·     हेलीपेड पर मुख्यमंत्री के स्वागत को उमड़ी युवाओं की भीड़
·    लुकवासा में हजारों ग्रामीणों ने भाजपा को जिताने का संकल्प लिया

शिवपुरी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता की भलाई के लिए होते है लेकिन कांग्रेस ने खुद के स्वार्थ के लिए जनता की भलाई को हमेशा नजरअंदाज किया है। भावांतर भुगतान की राशि सब जगह वितरित हो चुकी है लेकिन शिवपुरी और कोलारस में यह राशि वितरित न हो जाए इसके लिए कांग्रेस चुनाव आयोग में शिकायत करने लगी है क्योंकि उनका जनता की भलाई से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य विकास को रोकना है। कांग्रेस की प्राथमिकता में विकास नहीं सिर्फ चुनाव है। जबकि कोलारस में विकास की जिम्मेदारी भाजपा और शिवराज की है। यह बात मुख्यमंत्री ने आज कोलारस के लुकवासा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा के पूर्व मुख्यमंत्री जब हेलीपेड पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

सभा में मौजूद हजारों की संख्या में ग्रामीणों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए जितने काम भाजपा सरकार ने किए है। 50 साल में वो काम कांग्रेस नहीं कर पायी। समाज में जो पिछड़ गए है उन्हें आगे लाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि गरीब को रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई, लिखाई, दवाई और रोजगार के इंतजाम मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है और प्रदेश सरकार ने यह तय किया कि मध्यप्रदेश की धरती पर जितने भी गरीब भाई बहन है उन्हें 1 रूपए किलो गेहूं, चावल, नमक उपलब्ध कराया जा रहा है। गरीब परिवार को एक दिन की मजदूरी में एक महीने का राशन उपलब्ध करवाने का काम भाजपा ने किया है।

चौहान ने कहा कि हर गरीब का सपना होता है कि उसको रहने के लिए घर हो और मध्यप्रदेश की सरकार ने यह तय किया कि जितने भी गरीब है उन्हें जमीन का मालिक बनाया जायेगा ताकि सम्मान और स्वाभिमान से अपना जीवन यापन कर सके इसके लिए भाजपा सरकार ने पट्टे देने का अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना योजना के माध्यम से हर गरीब को झोपड़ी की जगह पक्के मकान बनाकर देने का काम भाजपा सरकार कर रही है। केन्द्र सरकार 60 प्रतिशत और मध्यप्रदेश सरकार 40 प्रतिशत राशि मिलाकर गरीबों का घर बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के कथन अनुसार समाज के पिछड़े पंक्ति के बेटा बेटियों को शिक्षित और संपन्न बनाने का काम सरकार कर रही है। इसके लिए पहली से बारहवी तक निशुल्क किताबें, स्कालरशिप, यूनिफार्म, ज्ञानोदय विद्यालय जैसे अन्य सुविधाएं देने का काम सरकार लगातार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार एक मात्र लक्ष्य कोलारस को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने जनता से पूछा कि सिंध नदी पर स्टाप डेम बनाने की बात जब आती थी तब कांग्रेस के नेता कहां थे ? खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सिंध नदी पर स्टाप डेम बनाने की बात भाजपा सरकार ने की है और भी कोलारस की जनता के लिए बेहतरी के काम भाजपा सरकार ने किया है। बदरवास में कालेज, कोलारस और रन्नौद के विकास कार्यो की सौगात देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास पर विश्वास करती है। आने वाले 5 माह में कोलारस में सर्वोच्च विकास होगा। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि कांग्रेस को बता दो कि जो विकास करेगा उसे वोट देंगे। वोट की ताकत सबसे बड़ी है। इसे बेकार न जाने दें। विकास के लिए कमल का बटन दबाए और भाजपा प्रत्याशी श्री देवेन्द्र जैन को भारी मतों से विजयी बनाए।

कांग्रेस की तकलीफ मामा दिलों में न बैठ जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने विकास के दम पर जनता में विश्वास बनाया है। जिससे कांग्रेसी परेशान है। कोलारस के विकास में हम जी-जान से जुटें हैं। कांग्रेस नेताओं को इस बात की तकलीफ है कि अगर मामा जनता के दिल में बैठ गया तो उनका क्या होगा ? कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य सिर्फ छवि धूमिल करना है। कांग्रेस झूठ और फरेब की राजनीति करती आयी है। इस अवसर पर वरिष्ठ मंत्री लालसिंह आर्य, महापौर श्री अशोक अर्गल, पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, ओमप्रकाश खटीक, माखनलाल राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद थे।

मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस एवं बसपा कार्यकर्ता

लुकवासा में सभा के पश्चात बड़ी संख्या में बसपा एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने संकल्प लेकर विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक मतों से विजयी हो इसके लिए वे प्राणपण से चुनावी सभा में जुटेंगे।

कांग्रेस के मानसिंह उज्जेनिया, विवेक औझा एवं बसपा के ओंकरिया जाटव, हरपाल सिंह जाटव, उदयभान सिंह जाटव, रतिराम जाटव, किशन जाटव, घंसुराम जाटव, रघुवीर जाटव, प्राणसिंह जाटव, श्यामलाल जाटव, बाबूलाल जाटव, पूरन सिंह जाटव, मनसिंगा जाटव, राजू जाटव, बाबूलाल मेंबर, राजेन्द्र जाटव, बलवीर जाटव, नागराज जाटव, रामलाल जाटव सीताराम जाटव, कैलाश जाटव, करण जाटव, धमेन्द्र जाटव, गजराज पाल, पूरणसिंह ओझा, मगनसिंह भदौरिया, पंकज कंजर, सिरनाम भदौरिया, कंमोदी जाटव, अरवीर जाटव, हरिया मेंबर, लतुआ चडार, गजुआ जाटव, लक्ष्मीनारायण जाटव, सोनू जाटव, राहुल खरे भाजपा में शामिल हुए।

फेसबुक पेज पर प्रायोजित विज्ञापन में राष्ट्रीय ध्वज का दुरूपयोग

 भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस अपने बैनर में राष्ट्रीय ध्वज का दुरूपयोग कर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है। फेसबुक पृष्ठ पर विज्ञापन प्रायोजित होता है जिसके लिए भुगतान करना पड़ता है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल को प्रस्तुत शिकायत में कहा गया है कि इंसपायरिंग स्टोरीज आफ यंग लीडर्स आफ इंडिया पर कांग्रेस सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, कोलारस के कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र यादव के चित्र प्रदर्शित किए गए है। कांग्रेस का चुनाव चिन्ह पंजा भी प्रदर्शित किया गया है। पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय ध्वज भी दर्शाया गया है। राष्ट्रीय ध्वज का इस तरह दुरूपयोग वर्जित होने के साथ आचार संहिता का उल्लंघन है। फेसबुक पेज प्रायोजित किया जाता है जिस पर लाखों रूपए भुगतान करना पड़ता है। भाजपा ने इस पृष्ठ का भुगतान कोलारस के कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र सिंह यादव के एकाउंट में जोड़े जाने और आचार संहिता का उल्लंघन के लिए कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26609856

Todays Visiter:3955