26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत बनेगा विश्व गुरू– अमित शाह

Previous
Next

नरेन्द्र मोदी भारत के लिये ईश्वर का वरदान– मुख्यमंत्री चौहान
मोदी के चमत्कारिक व्यक्तित्व पर कैलाश सारंग की किताब "नरेन्द्र से नरेन्द्र" का विमोचन


भोपाल : 19 अगस्त, 2017। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य श्री अमित शाह ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद ने 1890 में भारत को विश्व गुरू बनने का जो सपना देखा था वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में 21वी सदी में पूरा होता दिख रहा है। आज भारत स्वामी विवेकानंद के बताये रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाली सदी भारत की है।

शाह आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व, दर्शन और उनके मिशन पर प्रखर राजनीतिज्ञ कैलाश नारायण सारंग द्वारा लिखी गई किताब "नरेन्द्र से नरेन्द्र" के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। पुस्तक की प्रस्तावना इस सदी के महानायक प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन ने लिखी है। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। शाह ने “नरेन्द्र से नरेन्द्र” पुस्तक का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सारंग वरिष्ठ, अनुभवी और आत्म-विश्वास से भरे जीवंत व्यक्तित्व वाले नेता हैं। उनकी लिखी किताब युवाओं को प्रेरणा देगी।

शाह ने नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व और राजनैतिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण और संस्कारित श्री मोदी ने गरीबी में रहते हुए भी कर्त्तव्य पथ नहीं छोड़ा। राष्ट्रभक्ति की भावना से भरे दृढ़ निश्चयी मोदी ने 1974 से 2001 तक अपने जीवन का हर क्षण संगठन को खड़ा करने में लगाया। श्री शाह ने विस्तार से बताया कि मोदी ने 1987  में कैसे भाजपा को संगठन के सहारे सत्ता दिलाई और कैसे 1986 से 1990 तक भाजपा की नींव और संगठन को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि परिणाम यह रहा कि भाजपा ने गुजरात में कोई भी चुनाव नहीं हारा। उन्होंने कहा कि 13 साल के मुख्यमंत्री के रूप में शासन करते हुए मोदी ने विकास का गुजरात मॉडल प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में केन्द्र की सरकार ने भारत का मान-सम्मान गिरा दिया था। लोगों को अपेक्षा थी कि प्रधानमंत्री कुछ बोलेंगे लेकिन वे चुप रहे। आखिरकार लोगों ने मोदी के चमत्कारिक व्यक्तित्व और भारत का नव निर्माण करने के दृढ़ निश्चय को देखते हुए उन्हें सत्ता सौंपी।

शाह ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक का समय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जायेगा। मात्र तीन सालों में पचास बड़े निर्णय लोगों के हित में लिये गये। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें ऐसे निर्णय लेती थीं, जो लोगों को पसंद थे। मोदी ने इसे बदलते हुए ऐसे निर्णय लिये जो लोगों के लिये अच्छे हैं। शाह ने कहा कि आज भारत इस स्थिति में है कि वह सबके साथ अच्छे संबंध रखे लेकिन कोई सीमा पार करने की कोशिश करे तो सर्जिकल स्ट्राइक भी कर सकते हैं। शाह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने लोगों का आत्म-सम्मान लौटाया है। पाँच करोड़ घरों में गैस सुविधा दी है ताकि माताओं-बहनों को चूल्हे हानिकारक धुँए से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने देश का सम्मान बढ़ाया है। भारतीय योग परंपरा को विश्व में स्थापित किया है। जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्र में भारत को वैश्विक नेतृत्व मिला है। वे जहाँ भी जाते हैं हजारों लोग उनके सम्मान में एकत्र हो जाते हैं। यह सम्मान प्रत्येक भारतीय का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज विश्व कई समस्याओं के समाधान के लिये भारत की ओर देख रहा है। केवल तीन साल में कई काम ऐसे हुए हैं जो मील का पत्थर साबित हुए हैं।

मोदी के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि मोदी खुद के बारे में कभी नहीं सोचते क्योंकि वे हमेशा दूसरों के हित और कल्याण के बारे में सोचते हैं। शाह ने कहा कि आज भाजपा देश के 73 प्रतिशत भू-भाग पर काबिज है। भाजपा की सभी राज्य सरकारें मिलकर भारत को आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी भारत के लिये ईश्वर का वरदान है। उन्होंने कहा कि मोदी के रूप में स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व की झलक देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने पूरे देश को बदल दिया है और विश्व को उद्वेलित कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जो कुछ करते हैं भारत माता की सेवा मानकर करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि अमित शाह के रूप में भाजपा को ऐसा अध्यक्ष मिला है जो मोदी के सपनों को पूरा करने के लिये लगातार पार्टी का विस्तार कर रहे हैं। वे भाजपा कार्यकर्ताओं के लिये प्रेरणा-स्रोत बन गये हैं।

पुस्तक के लेखक पूर्व सांसद कैलाश नारायण सारंग ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और कठिन परिश्रम के कारण 2024 तक भारत विश्व गुरू के रूप में सुशोभित होगा। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग ने स्वागत भाषण दिया। समारोह में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्वय विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रभात झा, महासचिव द्वय अनिल जैन और कैलाश विजवर्गीय, भाजपा  के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन सचिव रामलाल, पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव, महापौर भोपाल आलोक शर्मा, किताब के प्रकाशक मौसम बुक्स के मनीष जैन, नवलोक भारत के प्रधान संपादक विवेक सारंग और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26610107

Todays Visiter:4206