26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

होमगार्ड की नियमित सेवा में 2790 अस्थाई होमगार्ड जवान शामिल होंगे

Previous
Next

मुख्यमंत्री चौहान होमगार्ड सैनिक सम्मेलन में

भोपाल : रविवार, मार्च 18, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सिंहस्थ के दौरान सेवाएँ देने वाले 2790 अस्थाई होमगार्ड के जवानों को होमगार्ड की नियमित सेवा में शामिल किया जायेगा। इस संबंध में केबिनेट में निर्णय हो गया है। इन जवानों को 20 हजार 700 रूपये प्रति माह वेतन दिया जायेगा। इस पर वर्ष भर में 75 करोड़ रूपये व्यय होगा। मुख्यमंत्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास पर होमगार्ड सैनिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने इन जवानों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अब मध्यप्रदेश की जनता की बेहतर सेवा का संकल्प लें। पूरी क्षमता और ताकत से मध्यप्रदेश के नवनिर्माण में योगदान करें। जो भी काम मिले उसे पूरी दक्षता और प्रामाणिकता से करें। अपनी सेवा से नया इतिहास रचें। सिंहस्थ को सुव्यवस्थित रूप से करवाने में मध्यप्रदेश की पुलिस का अतुलनीय योगदान रहा है। होमगार्ड के सैनिकों ने भी इसमें निष्काम सेवा की है।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक होमगार्ड महान भारत सागर ने अभिनंदन-पत्र का वाचन किया। होम गार्ड के जवानों ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन-पत्र भेंट किया तथा साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह के.के. सिंह और पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन आई.जी. होमगार्ड के.व्ही. वैंकटेश्वर राव ने किया।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26610661

Todays Visiter:4760