26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

कांग्रेसियों पर पुलिस ने किया बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज, सैकड़ों प्रदर्शनकारी घायल

Previous
Next

कटनी के हवाला कांड को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे,
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव को पुलिस ने जमकर
पीटा-सिर पर मारे डंडे, अस्पताल में भर्ती

भोपाल 16 जनवरी। कटनी में हुए 500 करोड़ रूपयों के हवाला कांड को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव के तो सिर, हाथ और पैरों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी बयान के अनुसार पुलिस के बर्बर लाठी चार्ज में अरूण यादव समेत तीन दर्जन से ज्यादा नेता और कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आयीं, जबकि एक सैकड़ा कार्यकर्ता और राहगीर भी पुलिस की बर्बरता के शिकार हुए। यादव को तत्काल जेपी अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर नजर आने पर डॉक्टरों ने उन्हें हमीदिया रेफर किया। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी यादव को हमीदिया अस्पताल की बजाय पुराने चिरायु अस्पताल ले गये। जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। पारिवारिक सूत्रों ने यादव की हालत नाजुक होने और उन्हें दिल्ली एयरलिफ्ट करने की संभावनाएं जताई हैं।

बयान में कहा गया है कि प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि हवाला कांड में पुलिस की शुरूआती जांच में साफ तौर पर फंस चुके शिवराज कैबिनेट के सदस्य संजय पाठक के खिलाफ कार्यवाही के बजाय मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पूरी सरकार राज्यमंत्री संजय पाठक को बचाने में जुटी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पुत्र और कई अन्य नामी-गिरामी चेहरे पूरे मामले में उजागर होते देख मुख्यमंत्री श्री चौहान कटनी एसपी गौरव तिवारी को बदल दिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बयान में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनकी सरकार सही बात उठाने वाली कांग्रेस की आवाज दबाने के लिये दमनकारी नीति पर आमादा हो गई है। सरकार के इशारे पर सुनियोजित तरीके से पुलिस वालों ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री यादव को जमकर निशाना बनाया। सरकार का इशारा होने की वजह से ही पुलिस प्रोटोकॉल तक को भूल गई। श्री यादव के सिर पर डंडे मारने के अलावा हाथ-पैरों और पूरे शरीर पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। बर्बर लाठीचार्ज में बुरी तरह जख्मी और सुध-बुध खो बैठे श्री यादव को अस्पताल पहुंचाने में भी जान-बूझकर विलंब किया। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री सज्जन वर्मा अस्पताल में पूरे समय मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पीससी चीफ को चिरायु अस्पताल रेफर कराने में अहम भूमिका निभाई।

प्रेस बयान में यह भी कहा गया है कि सरकार के इशारे पर दमन पर आमादा पुलिस की बर्बरता का अंदाज इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अनेक पुलिस वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में घुस गये और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के भीतर घुसकर भी कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी, जिसका कांग्रेस ने वीडियो जारी किया है। एनएसयूआई के इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सज्जनसिंह वर्मा, सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा, भाराछासं. के राष्ट्रीय महामंत्री भूषण पेंचलवार, प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माण्डवी चौहान, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व अध्यक्ष नगर निगम कैलाश मिश्रा, कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के कक्षों तक घुसकर कार्यकर्ताओं को बुरी तरह पीटा, मुख्यमंत्री के इशारे पर हुई पिटाई

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आज की घटित घटना को प्रदेश के प्रजातांत्रिक इतिहास में एक बड़ा धब्बा बताते हुए कहा कि प्रदेशाध्यक्ष अरूण यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं पर किया गया हमला एक सुनियोजित साजिश के तहत किया गया है। पुलिस को श्री यादव सहित कार्यकर्ताओं पर इस हमले के निर्देश राज्यमंत्री परिषद की बैठक समाप्त होने के बाद और होशंगाबाद रवाना होने के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ही दिये थे। प्रदेश के गठन से लेकर अब तक की सबसे बड़ी और शर्मनाक घटना यह रही कि पार्टी के मुख्यालय के भीतर घुसकर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों पर भी लाठियां बरसायीं, किसी भी राजनैतिक दल के कार्यालय के अंदर इस तरह पुलिस का प्रवेश और लाठीचार्ज पहली बार हुआ है। ऐसा सब इसलिए हो रहा है, क्योंकि कांग्रेस द्वारा निरंतर राज्य सरकार, उसके मंत्रियों व भाजपा नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर जो तीखे हमले किये जा रहे हैं उस आवाज को दमन के सहारे दबा दिया जाये। मिश्रा ने पुनः दोहराया है कि कटनी के 500 करोड़ रूपयों के हवाला कांड के आरोपियों के तार सीधे तौर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान और राज्यमंत्री संजय पाठक से जुड़े हुए हैं। अब जब और भी परतें खुलंेगी तो इसकी आंच भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भी सुलगायेगी। 

मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान और उनकी सरकार के साथ पुलिस की दमनकारी कार्रवाई से कांग्रेसी भयभीत होने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र का गला घाेंटने पर तुली प्रदेश सरकार की दमनकारी नीति का प्रदेश कांग्रेस और तीखा विरोध करेगी। प्रदेश भर में इस कार्रवाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन कांग्रेस करेगी तथा जिला मुख्यालय पर मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके जायेंगे।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26609609

Todays Visiter:3708