उज्जैन, खंडवा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में आलोट, तराना विधानसभाओं में, खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में नेपानगर के धूलकोट में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कह रही है कि भाजपा लोकतंत्र बदल देगी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता है कि अब भारत का लोकतंत्र सबसे शक्तिशाली एवं मजबूत हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का लोकतंत्र सुरक्षित है। सरकार इसलिए बनती है कि देश की एवं लोकतंत्र की रक्षा करे, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी देश की रक्षा नहीं की। उनकी सरकारों में कहीं भी बम विस्फोट हो जाते थे। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के आधे नेता जेल में है और आधे जमानत पर बाहर हैं। भाजपा के कार्यकर्ता 24 कैरेट सोने के हैं, ताप में यह कुंदन बनकर निकलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तर उज्जैन विधानसभा के मनोरमा गार्डन में आयोजित महिला मोर्चा सम्मेलन को भी संबोधित किया।
कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन के नेता दे रहे हैं गाली
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन के जो नेता जमानत पर हैं, वे भी गाली दे रहे हैं और जो जेल में है वे भी गाली दे रहे हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि न खाऊंगा न खाने दूंगा। उन्होंने अपना जीवन जनता की सेवा में लगा दिया है। वे रात-दिन जनता की सेवा में जुटे हुए हैं, भारत माता की सेवा में जुटे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदीजी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने गरीबों, किसानों, जवानों को उनका सम्मान दिलाया है। वे जवानों के साथ दीवाली पर सीमा रेखा पर पटाखे चलाते हैं तो किसानों को सम्मान निधि देकर उनका मान बढ़ाया है।
कांग्रेस के पापों की सूची लंबी है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के पापों की सूची बहुत लंबी है। उन्होंने शुरू से लेकर अब तक कई पाप किए हैं। देश का बंटवारा कराने का पाप, धारा 370 लगाने का पाप, गरीबी नहीं हटाने का पाप, संविधान को बदलने का पाप और श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा में नहीं आकर तो महापाप किया है। कांग्रेस पार्टी ने 1947 में मुस्लिम लीग के आगे घूटने टेके। पहले आरक्षण मुस्लिम समाज के बीच में होता था, सीट के लिए होता था। जब तक कांग्रेस ने मुस्लिम लीग का समर्थन नहीं किया, तब तक मस्लिम लीग की जमानत जप्तक होती थी। देशभक्त मुस्लिम जीतते थे। कांग्रेस ने हमेशा से जातिगत वोट बैंक के आधार पर राजनीति की है। यह कांग्रेस का मैनोफेस्टो है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा था कि वे आ जाएंगे तो देश में दंगे होंगे, देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो जाएगी, लेकिन आज देश ने दुनिया के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक के कलंक से मुक्त कराने का काम किया है।
कांग्रेस ने हमेशा जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय देश में आतंकी घटनाओं का क्रम जारी रहा। उन्होंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का काम किया है। 40 हजार से ज्यादा निर्दोष लोगों की हत्या की जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी और इनकी सरकार की रही है। 2013 में देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी नेनरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया। जिन्होंने डंके की चोट पर कहा था इस देश से आतंकवाद, भाई-भतीजावाद, लूट घसूट समाप्त करूंगा। पूरा देश नरेंद्र मोदी जी के साथ चला और 40 साल के बाद प्रचंड बहुमत की सरकार बनी। अब कांग्रेस अमेरिका की तर्ज पर विरासत टैक्स लगाने की बात करती है। इसका मतलब है वे जनता से उनकी जमापूंजी लेकर अल्पसंख्यकों को दे देगी। राहुल गांधी 2004 से 2014 तक अमेठी से जीतते थे। इसके बाद यह अवसर उन्हें दोबारा नहीं मिल सका। इस बार यहां से भागकर केरल पहुंचे, लेकिन वहां भी उनकी दाल नहीं गली तो वापस लौटकर आए हैं।
उमड़ा जनसैलाब, होती रही फूलों की बारिश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में बुरहानपुर में आयोजित रोड शो में सहभागिता की। इस दौरान जमकर जन सैलाब उमड़ा। रोड शो नगर के प्रमुख मार्गों पर निकाला गया, जहां पर हर तरफ भाजपामय माहौल नजर आया। चारों तरफ से मोदी..मोदी... अबकी बार-400 पार की गूंज सुनाई देती रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भी रथ पर सवार होकर जनता का अपार स्नेह और प्यार पाकर गदगद हो गए। वे रास्ते भर जनता का अभिवादन स्वीकारते हुए चले। हाथों में कमल का फूल लिए वे बुरहानपुर की जनता से आशीर्वाद लेते रहे। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा को ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट देने की अपील की। रोड शो के दौरान रथ पर भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व मंत्री विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
ये रहे उपस्थित
आलोट, तराना में चिंतामण मालवीय, प्रदीप उपाध्याय, बहादुर सिंह, सतीश मालवीय, बहादुर सिंह चौहान, ताराचंदजी, रामलाल मालवीय, मदन सांकला, अमित श्रीवास्तव, राजपाल सिंह सिसौदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नेपानगर में आयोजित जनसभा में मनोज माने, सुश्री मंजू राजेंद्र दादू, श्रीमती अर्चना चिटनिस, गंगाराम मारको, कल्याण अग्रवाल, दिलीप सराफ, प्रदीप यादव, अनिल भौसले, श्रीमती सुमित्रा कातरेकर, प्रदीप पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।