Publish Date:23-May-2018 23:51:11
कांग्रेस के पिपल्या मंडी में आयोजित कार्यक्रम की अनुमति भी हुई संशोधित
राजकाज न्यूज, भोपाल
राज्य शासन एक वर्ष पूर्व हुए किसान आंदाेलन से अब भी सहमा हुआ है। या, ये कहा जावें कि पिछले अनुभव को देखते हुए ज्यादा ही सतर्क हो गया है। वह नहीं चाहता कि किसी भी हाल में पूर्व की तरह के हालात बने। उधर, कांग्रेस 6 जून को किसान आंदोलन में मृत 6 लोगों के प्रति शोक श्रृद्धाजंली व्यक्त करने के लिए पिपल्यामंडी में बड़े आयोजन की तैयारी में है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने कई शर्तों के साथ बड़ी मुश्किल से कांग्रेस को अनुमति दी है। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आ रहे है। पुलिस मुख्यालय ने इन आयोजनों को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिये हैं।
पुलिस महानिदेशक के नाम से जारी सर्कुलर में किसान आंदोलन की घोषणा एवं रमजान को देखते हुए एक से दस जून तक सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित कर दिये है।
उधर कांग्रेस के पिपल्यामंडी के 6 जून के कार्यक्रम को लेकर भी राज्य शासन सक्रिय है। मंदसाैर के प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष रूप से ध्यान रखने को कहा गया है। खुफिया पुलिस की रिपोर्ट के बाद इस ओर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। किसानों से जुड़ी समस्या को सुलझाने के साथ ही उनसे हर स्तर पर चर्चा की जा रही है। मंत्रियों को भी इस ओर निगाहें लगाये रखने को कहा गया है। मंदसौर के स्थानीय प्रशासन ने पूर्व में कांग्रेस को कार्यक्रम के लिए जारी अनुमति को संशाेधित कर फिर से जारी किया है, जिसमें कई ओर शर्ते लगा दी है।