27-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

पुलिस समाज-सेवा में क्रियाशील रहे

Previous
Next

पुलिस जवानों के लिये 25 हजार मकान और 12 हजार पुलिस जवानों की भर्ती की तैयारी
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा इंदौर में पुलिस हाउसिंग बोर्ड की 15 मंजिला इमारतों का भूमि-पूजन


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की सजगता के कारण आज पूरा प्रदेश शांति का टापू बना हुआ है। माताएँ-बहनें निर्भीक रूप से कहीं भी आ-जा सकती हैं। पुलिस के जवान प्रदेश में शांति, कानून और व्यवस्था बनाये रखने में अपना योगदान दे रहे हैं। उनके परिवार के लिये आवास और अन्य सुविधाओं को उपलब्ध करवाने का कार्य प्रदेश सरकार का है। पुलिस जवानों के लिये 25 हजार मकान स्वीकृत किये गये हैं। दो वर्ष में ही यह 15 मंजिला इमारतें तैयार की जायेंगी। आधुनिक तरीके से इन इमारतों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें सर्व-सुविधायुक्त व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस हाउसिंग बोर्ड कार्पोरेशन के  महेश गार्ड लाइन इंदौर स्थित 15वीं बटालियन में भूमि-पूजन कार्यक्रम में कही। वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार, महापौर श्रीमती मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमेन कृष्णमुरारी मोघे, विधायक सुदर्शन गुप्ता, सुश्री उषा ठाकुर, राजेश सोनकर उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'यह भवन पुलिस के जवानों के लिये ही नहीं वरन उन भाँजे-भाँजियों के लिये बना रहे हैं जो अपने पिता-पुत्र,भाई-बहन आदि को पुलिस की नौकरी के जरिये समाज-सेवा के लिये क्रियाशील और उर्जावान रखते हैं। मध्यप्रदेश की पुलिस ने अभूतपूर्व कार्य किये हैं। इनमें सबसे प्रमुख कार्य चम्बल के बीहड़ों को डाकूविहीन कर विकास के नये मार्ग तैयार करना है। अब चम्बल में डाकू नहीं विकास का रोडमैप तैयार हो रहा है। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में नक्सलवाद को फैलने नहीं दिया। नक्सलियों को प्रदेश की सीमा के बाहर ही रोक दिया है। सिमी जैसे आंतकवादी संगठनों के नेटवर्क को ध्वस्त किया है।

पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने पुलिस परिवार के लिये 25 हजार मकान स्वीकृत करवाने के लिये मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 12 हजार से अधिक पुलिस जवानों की भर्ती की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाये रखना एक महती जिम्मेदारी है, जिसे पुलिस जवानों ने बेहतर तरीके से निभाया है।

पुलिस हाउसिंग बोर्ड के महानिदेशक सरबजीतसिंह ने कहा कि प्रदेश में पहली बार 15 माले की बहुमंजिला इमारत का निर्माण इंदौर में किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से 944 मकान पुलिस को उपलब्ध करवाये जायेंगे। यह प्रोजेक्ट पूरी तरह ईको-फ्रेण्डली है, जिसमें सौर उर्जा के माध्यम से विद्युत सप्लाई की व्यवस्था की जायेगी। यह दो वर्ष में पूर्ण होगा। इससे पुलिस जवानों की आवासीय समस्या को हल करने में मदद मिलेगी। इंदौर में मुख्यमंत्री पुलिस आवास योजना में मोनोलेथिक शियर वॉल टेक्नालॉजी का प्रयोग प्रथम बार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना में बना इंदौर जिले का पहला आवास

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज इंदौर जिले के महू-अम्बेडकर नगर के नजदीक ग्राम गवली पलासिया निवासी उदयराज पिता सीताराम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में बनाये गये आवास के गृह प्रवेश में शामिल हुए। गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को पाकर उदयराज की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने उदयराज को शुभकामनाएँ दी। उदयराज का नया पक्का मकान 45 दिनों में बनकर तैयार हुआ है। इसके लिए उन्हें एक लाख 35 हजार रूपये तीन किस्त में दिये गये। वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, नर्मदा घाटी विकास (स्वतंत्र प्रभार) सामान्य प्रशासन और विमानन राज्य मंत्री लालसिंह आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

लगभग 45 दिन पहले गवली पलासिया के उदयराज मात्र दो चारपाई लगने वाले अपने कच्चे घर में रहते थे। वे गाँव के ही किशन पटेल के घर ट्रेक्टर चालक के रूप में काम करते रहे। बढ़ती उम्र में उनकी पीठ और हाथ के जोड़ों में एठन होने लगी। उन्होंने बताया कि हर बारिश में उन्हें मकान की चिंता सताती रहती थी। प्रधानमंत्री आवास मिशन में पहला मकान उनका बना, इसलिए उन्हें और भी खुशी है। मुख्यमंत्री चौहान गृह प्रवेश कार्यक्रम में हवन वेदिका पर बैठे। इसके पहले मुख्यमंत्री ने व्हील-चेयर पर बैठे उदयराज को फूलमाला पहनाई। 

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26615245

Todays Visiter:1533