27-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मिल-बाँचें मध्यप्रदेश- हमारे अफसर भी किसी से कम नहीं

Previous
Next

मुख्य सचिव ने साँची ब्लॉक के ग्राम खोहा में विद्यार्थियों को पढ़ाया

मुख्य सचिव बी.पी. सिंह ने 'मिल-बाँचें मध्यप्रदेश' कार्यक्रम में रायसेन जिले के साँची ब्लॉक के ग्राम खोहा में शासकीय माध्यमिक विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्रों को पढा़या। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से उनके करियर से संबंधित सवाल-जवाब किये। सिंह ने छात्र-छात्राओं से पाठ का वाचन करवाया तथा उच्चारण में आई खामियों को भी सुधारा। उन्होंने बच्चों से कहा कि शब्दों का उच्चारण सही होना चाहिए। इसमें बार-बार पढ़कर एवं बोलकर सुधार लाया जा सकता है। सिंह ने शेखर, विशाल सिंह तथा अंजली मीना से ''याचक और दाता'' तथा गीता-मंत्र पाठ पढ़वाया। पूर्व मुख्‍य सचिव एन्‍थोनी डि सा सहित प्रदेश के कई अधिकारियों ने आज स्‍कूलों का रूख किया।

मुख्य सचिव ने बच्चों से कहा कि यह सही अवसर पर है जब वे अपनी दिशा एवं लक्ष्य तय कर सकते हैं। लक्ष्य को पाने के लिए कठिन परिश्रम करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने बच्चों से कहा कि उनमें पूरी क्षमता है कि वे जो बनना चाहते हैं, बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें परिश्रम करना होगा। उन्होंने बच्चों से खुद को अपडेट रखने के लिए समाचार-पत्र पढ़ने और न्यूज चैनल देखने के लिए कहा। सिंह ने बच्चों को बताया कि चरित्र-निर्माण में लम्बा समय लग जाता है लेकिन चरित्र हनन कुछ ही क्षणों में हो जाता है। इसलिए सदैव इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे चरित्र की हानि हो।

मुख्य सचिव ने कहा कि 'मिल-बाँचें मध्यप्रदेश' कार्यक्रम से प्रत्येक व्यक्ति को जुड़ना चाहिये। जो लोग इस कार्यक्रम से जुड़े है, वे स्वेच्छा से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से स्कूलों का जो फीडबेक मिलेगा, वह भविष्य में बनने वाली योजनाओं के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को प्रेरित करने की आवश्यकता है। शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े लोग देश का सबसे महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। यह राष्ट्र-निर्माण का काम है, इसे पूरी तन्‍मयता से करना चाहिए।

केन्द्रीय मानव संसाधन सचिव अनिल स्वरूप ने किया शासकीय शाला का निरीक्षण

केन्द्रीय मानव संसाधन सचिव, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता अनिल स्वरूप आज 'मिल-बाँचें मध्यप्रदेश'' कार्यक्रम में भोपाल के मेनिट परिसर स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में उत्सुकता जगाने के लिये अपने कौशल का शत-प्रतिशत उपयोग करने के लिये कहा। केन्द्रीय सचिव ने कहा कि बच्चों की उत्सुकता उन्हें समझदार बनाने के लिये काफी उपयोगी होती है। केन्द्रीय सचिव अनिल स्वरूप ने शाला का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्मार्ट-क्लास को भी देखा। केन्द्रीय सचिव ने कहा कि स्मार्ट-क्लास का संचालन प्रत्येक शिक्षक को आना चाहिये। उन्होंने जन-भागीदारी से शासकीय शाला में किये गये कार्यों की प्रशंसा की। केन्द्रीय सचिव ने शिक्षकों से भी बात की।

केन्द्रीय सचिव ने बच्चों को सुनाई कहानी

केन्द्रीय सचिव अनिल स्वरूप ने बच्चों को चतुर बंदर की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि एक शेर जंगल में अपनी भूख मिटाने के लिये ज्यादा जानवरों को मारता था। जानवरों ने संगठित होकर शेर से बात की और कहा कि वे स्वयं एक जानवर प्रतिदिन उनके पास भेजेंगे। एक दिन बंदर की बारी आयी। बंदर ने शेर के पास पहुँचकर बताया कि जंगल में एक और शेर आ गया है। शेर ने कहा बताओ वह कहाँ पर है। बंदर शेर को कुएँ के पास ले गया और पानी में शेर की परछाई को दिखाया। शेर ने आक्रमण के मकससद से कुएँ में छलाँग लगा दी। केन्द्रीय सचिव ने कहानी के बाद बच्चों से इससे मिलने वाली सीख के संबंध में प्रश्न पूछे। बच्चों ने इसके सही उत्तर दिये। केन्द्रीय सचिव ने बताया कि चतुराई और समझदारी से बड़ी से बड़ी समस्या को हल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि क्रोध से कई संकट सामने आते हैं। उन्होंने बच्चों को क्रोध पर नियंत्रण की समझाइश दी। राज्य शिक्षा केन्द्र की अपर संचालक सुश्री शीला दाहिमा और शिक्षिकाओं ने बच्चों को देशभक्ति गीत सुनाये।

राज्य निर्वाचन आयुक्त परशुराम ने सीहोर जिले के ग्राम पचामा में पढ़ाया बच्चों को
 
राज्य निर्वाचन आयुक्त परशुराम ने 'मिल-बाँचें मध्यप्रदेश' अभियान में सीहोर जिले के ग्राम पचामा में स्थित स्कूल में आठवीं के बच्चों को सचिन तेन्दुलकर की सफलता की कहानी और हांडीफोड़ में टीम भावना के बारे में बताया। कक्षा एक और दो में बच्चों को अंग्रेजी भी पढ़ायी। परशुराम से बच्चों ने अनेक सवाल किये। उन्होंने भी बच्चों से अनेक प्रश्न किये, जिनका बच्चों ने सहजता से जवाब दिया। बच्चों ने कहानियाँ भी सुनायी। परशुराम ने कहा कि पूरी लगन और जुझारूपन से पढ़ाई करें।

आयुक्त जनसंपर्क राजन बरखेड़ा बालक मिडिल स्कूल में हुए शामिल

आयुक्त जनसम्पर्क अनुपम राजन ने 'मिल-बाँचें मध्यप्रदेश'' कार्यक्रम में आज भेल स्थित शासकीय माध्यमिक शाला, बरखेड़ा में विद्यार्थियों से शैक्षिक संवाद किया। राजन ने पढ़ाई-लिखाई संबंधी बातचीत की, जिसमें विद्यार्थियों ने सहजता से भाग लिया। अनुपम राजन ने विद्यार्थियों को महात्मा बुद्ध के सिद्धार्थ से बुद्ध बनने के घटनाक्रम को कथा का रूप देकर सुनाया। राजन ने राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के जीवन के प्रमुख पक्षों की भी जानकारी दी। श्री राजन ने बच्चों को गणित के सूत्र भी समझाये।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26616145

Todays Visiter:2433