27-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

हरा-भोपाल शीतल-भोपाल -2 बैठक सम्पन्न, इस वर्ष 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

Previous
Next

भोपाल : 20 फरवरी 2020, कमिश्नर भोपाल संभाग श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज ‘‘हरा भोपाल-शीतल भोपाल’’ अभियान-2 की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में  इस वर्ष 21 लाख पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य वन संरक्षक, भोपाल वृत्त, श्री रवीन्द्र सक्सेना, राजधानी परियोजना प्रशासक श्री संजय श्रीवास्तव, मुख्य वन संरक्षक, अनुसंधान एवं विस्तार नगर निगम हरीश गुप्ता, भोपाल विकास प्राधिकरण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग, स्कूल शिक्षा, कौशल विकास, उच्च शिक्षा, आरजीपीव्ही, के अधिकारियों के साथ अन्य क्रियान्वयन एजेंसी के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में निम्नानुसार निर्णय लिए गएः-
 
नगर निगम भोपाल द्वारा रोपित किए गए समस्त पौधों का पुनरावलोकन पूर्ण नहीं किया गया है। नगर निगम को समस्त रोपित पौधों का निरीक्षण माह अंत तक कराए जाने व मृत पौधों के स्थान पर नवीन पौधों के रोपण हेतु निर्देशित किया गया।
 
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग को भी रोपित पौधों के पुनरावलोकन व मृत पौधों के स्थान पर नवीन पौधों के रोपण का कार्य माह अंत तक किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
 
समस्त एजेंसियां को रोपित पौधों की प्रजातिवार संख्या, निर्धारित वेबसाईट में दर्ज करने व रोपित पौधों की फोटो फेसबुक, एप या वेबसाईट पर अपलोड किए जाने हेतु कहा गया। समय-सीमा 28.02.2020 निर्धारित की गई। समयावधि में उक्त कार्रवाई पूर्ण न किए जाने वाली एजेंसी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
 
 पुराना जेल भवन व विधानसभा के मध्य स्थित क्षेत्र को सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित किए जाने के निर्णय के अनुक्रम में मुख्य वन संरक्षक, राजधानी परियोजना, मुख्य वन संरक्षक, एवं नगर निगम से यह अपेक्षा की गई कि वे संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर 20.03.2020 तक विधिवत प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। 

मुख्य वन संरक्षक, राजधानी परियोजना द्वारा उन सड़कों की सूची नगर निगम को उपलब्ध कराई गई, जिनके सेन्ट्रल/साईडवर्ज पर अतिक्रमण है। नगर निगम को इन सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
 
अनुसंधान वृत्त की अहमदपुर नर्सरी में पेयजल कनेक्शन प्रदाय किए जाने हेतु नगर निगम को निर्देश दिए गए।
 
वित्तीय वर्ष 2020-21 में नगर निगम, स्मार्ट सिटी, वन विभाग, बीडीए, उद्यानिकी, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आरडीसी, आरजीपीव्ही, आदिमजाति कल्याण, शहरवासी, सीपीए, एनएचएआई, गोविंदपुरा द्वारा कुल 21 लाख पौधों को रोपित किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी एजेंसियों से स्थल का निर्धारण, पौधों की उपलब्धता आदि प्रारंभिक तैयारियों को माह मार्च तक पूर्ण किए जाने की अपेक्षा की गई।
 
वर्ष 2020-21 में रोपित किए जाने वाले पौधों की प्रजातियों का निर्धारण, पौधों की पर्याप्त उपलब्धता, पौधों की दरों का विनिश्चयन व पौधों के सुचारू परिवहन आदि बिन्दुओं पर वन एवं अनुसंधान वृत्त की अहमदपुर नर्सरी में पृथक से बैठक किए जाने का भी निर्णय लिया गया।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26615021

Todays Visiter:1309