लोकसभा क्षेत्र विदिशा में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा धर्म के नाम पर वोट मांग कर किया आचार संहिता का उल्लंघन, कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत कर प्रकरण दर्ज करने तथा उन्हें चुनाव प्रचार से प्रतिबंधित किये जाने की मांग की: धनोपिया
भोपाल, 30 अप्रैल 2024 लोकसभा चुनाव 2024 के परिप्रेक्ष्य में देश भर में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है। लोकसभा क्षेत्र विदिशा के अन्तर्गत रायसेन जिले में मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा 29 अप्रेल, 2024 को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए धर्म के नाम पर वोट मांगे गए है जिसमें कांग्रेस पार्टी को सनातन विरोधी बताते हुए यहां तक कहा कि कांग्रेस भारत से सनातन को खत्म करना चाहती है, जो कि सीधे सीेधे आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है।
प्रदेश कांग्रेस के चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने चुनाव आयोग को एक शिकायत सौंपते हुये कहा कि लोकसभा क्षेत्र विदिशा के अन्तर्गत रायसेन जिले में मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा कांग्रेस को सनातन विरोधी, भारत से सनातन को खत्म करने जैसे झूठे एवं असत्य आरोप लगाए है जो कि निराधार एवं अनुचित है। नियमानुसार आदर्श आचार संहिता के चलते कोई भी राजनीतिक दल का नेता धर्म के नाम पर वोट नहीं मांग सकता, श्री राजेन्द्र शुक्ला द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है, उनके विरूद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाये और श्री शुक्ला को चुनाव प्रचार से प्रतिबंधित किया जावे जो कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए न्यायोचित होगा।