पॉलिथीन मुक्त राष्ट्र निर्माण में सभी सहभागी बने- भूपेन्द्र सिंह
Publish Date:17-May-2016 18:00:51
प्रभारी मंत्री ने किया बायोडिग्रेडेबल बैग वितरण अभियान का शुभारम्भ
पांच दिन में वितरित की जायेगी दस लाख बायोडिग्रेडेबल थैलियां
उज्जैन 17 मई। भारत सरकार एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने देश एवं प्रदेश में पॉलिथीन के दुष्प्रभावों को दृष्टिगत रखते हुए पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाई है। हम सब मिलकर पॉलिथीन मुक्त समाज प्रदेश एवं देश के निर्माण में सहभागी बने। यह बात प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने मंगलवार को शिप्रा तट पर राणौजी की छत्री पर आयोजित एक कार्यक्रम में बायोडिग्रेडेबल बैग वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित ग्रीन-उज्जैन, ग्रीन-सिंहस्थ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री म.प्र. शासन पारसचंद जैन, प्रकाश चित्तौड़ा, कर्नल एस.के.पुरूस्टी, अरूण रोचवानी, अनोखीलाल शर्मा, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कथूरिया भी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पॉलिथीन के उपयोग से अनेक समस्याएं उत्पन्न होती है। पर्यावरण को नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ सेवादल के सभी स्वयं सेवक पॉलिथीन की थैलियां श्रद्धालुओं से लेकर उन्हें बायोडिग्रेडेबल थैलियां दें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सिंहस्थ में सेवा देना पुनित कार्य है और सेवादल के सभी घटक इसमें समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवकों के 311 दल बनाये गये हैं प्रत्येक दल में 3 सदस्य हैं, जो घाटों पर, मेला क्षेत्र में, श्रद्धालुओं को पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने की समझाईश दे रहे हैं और उनसे पॉलिथीन लेकर बायोडिग्रेडेबल बैग देने का कार्य कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सिंहस्थ सेवादल का जो सदस्य ग्रीन उज्जैन-ग्रीन सिंहस्थ अभियान के तहत प्रतिदिन सबसे ज्यादा पॉलिथीन की थैलियां एकत्रित कर बायोडिग्रेडेबल बैग्स वितरित करेगा। उन्हें क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमश: पांच, तीन और दो हजार रूपये का नकद पुरस्कार सम्मान स्वरूप प्रभारी मंत्री की निधि से दिया जायेगा। यह पुरूस्कार प्रतिदिन प्रदान किया जायेगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री पारसचंद जैन ने कहा कि हम सबको सम्पूर्ण म.प्र. को पॉलिथीन मुक्त बनाना है। पर्यावरण की रक्षा करना और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण काम सेवादल के स्वयं सेवकों के हाथ में हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ सेवादल के घटक, स्वाउड गाईड, एनसीसी, एनएसएस व सेवादल के स्वयं सेवक सिंहस्थ में हर जगह सेवाएं दे रहे हैं। सभी ने उनकी सेवाओं की सराहना की। श्री जैन ने उपस्थित युवाओं का आव्हन किया कि वे ये संकल्प लें की जीवन में कभी भी पॉलिथीन की थैली का उपयोग नहीं करेंगे। कार्यक्रम को श्री प्रकाश चित्तौडा ने संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पांच दिनों तक सिंहस्थ सेवादल के 935 सदस्यों के 311 दल सम्पूर्ण मेला क्षेत्र एवं शहर में सतत् अभियान चलाकर लोगों को पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने और बायोडिग्रेडेबल बैग्स का ही उपयोग करने की समझाईश देंगे। स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को पॉलिथीन के दूष्परिणामों से अवगत कराया जायेगा। कार्यक्रम को श्री सुरेन्द्र कथूरिया, अरूण रोचवानी, कर्नल एसके पुरूस्ठी ने भी संबोधित किया।
प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह एवं मंत्र पारसचंद जैन ने रामघाट पर सिंहस्थ सेवादल के स्वयं सेवकों के साथ पहुंचकर उपस्थित श्रद्धालुओं को पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने की समझाईश दी और श्रद्धालुओं को बायोडिग्रेडेबल बैग्स वितरित किये।
यातायात व्यवस्था का बनायें नया प्लान- भूपेन्द्रसिंह
सिंहस्थ महाकुंभ के अंतिम सप्ताह में श्रद्धालु बड़ी संख्या में उज्जैन आ रहे हैं। अंतिम शाही स्नान के दिन तक लगातार श्रद्धालुओं की.. संख्या में बढोत्तरी होगी। ऐसे में यातायात के बढते दबाव से श्रद्धालुओ और उज्जैन शहर की आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था का नया प्लान तैयार किया जाए। केन्द्रीय सिंहस्थ समिति के अध्यक्ष श्री माखनसिंह चौहान की उपस्थिति में सोमवार को सम्पन्न बैठक में प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यह निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा कि ट्रेफिक प्लान,पार्किंग प्लान और लोक परिवहन व्यवस्था का पूरा नया प्लान तैयार हो। हमारी कोशिश हो कि श्रद्धालुओं को कम से कम पैदल चलना पड़े। कहीं पर भी जाम की स्थिति न बने और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद बनी रहे। इसके साथ ही अन्य सभी विभाग भी सिंहस्थ के अंतिम सप्ताह के लिए व्यवस्थाओं क़ो बेहतर बनाए रखने में अपनी पूरी टीम के साथ जुटे रहें। बैठक में संबंधित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।