मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबरी में पुलिस ने की कार्रवाई
24 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे पुलिस ने खेत से किए बरामद
भोपाल, 14 मार्च 2024, मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ड्रग्स, अफीम जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में मैहर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के नेतृत्व में 13 मार्च 2024 को जिले के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबरी में पुलिस ने गेहूं के खेत में छिपाकर लगा रखे 1 लाख 11 हजार 340 पौधों को उखड़वाकर जब्त किया। इसका कुल वजन 24 क्विंटल 360 ग्राम पाया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 8 - 18 एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।
दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबरी में जुगुल किशोर सिंह पिता चन्द्रभान सिंह और आनन्द किशोर सिहं पिता चन्द्रभान सिहं ने अपने खेत में गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे लगा रखे थे। इसकी सूचना पुलिस को मुखबिर के द्वारा प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुगुल और आनंद के खेत में दबिश दी। यहां गेंहू की फसल के बीच में लगाए गए अफीम के 1 लाख 11 हजार 340 पौधों को उखड़वाकर जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।