श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े की निकली भव्य पेशवाई
Publish Date:18-Apr-2016 18:27:31
उज्जैन में निकाली जा रही अखाड़ों की पेशवाइयों के क्रम में आज श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े की पेशवाई निकाली गई। इस भव्य पेशवाई का उज्जैन के नागरिकों ने पुष्प-वर्षा से स्थान-स्थान पर स्वागत-अभिनन्दन किया। जिले के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह भी पेशवाई में सम्मिलित हुए। सिंह ने पेशवाई में सम्मिलित साधु-संतों का पुष्पहारों से स्वागत-अभिनन्दन किया।
पेशवाई में आगे-आगे हाथी, घोड़े, ऊँट चल रहे थे जिन पर सवार नागा साधु नागरिकों से अभिनन्दन स्वीकार कर रहे थे। पेशवाई में महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी विश्वोकानंदजी महाराज, महामण्डलेश्वर सर्वश्री संतोषपुरी गीताभारतीजी, शिवचैतन्यपुरीजी, विश्वेशनंदगिरिजी, प्रेमानंदजी, आत्मानंदपुरीजी, कमलानंदगिरिजी, स्वामी दिव्यानंदगिरिजी, अभेद्यानंदनगिरिजी, योगानंदसरस्वतीजी, रामेश्वरानंदसरस्वतीजी, विश्वानत्मनंदगिरिजी, विद्यानंदगिरिजी, प्रणवआनंदसरस्वतीजी, स्वामी नित्यानंदगिरिजी आदि साधु-संत शामिल हुए। पेशवाई में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी शिष्य भी शामिल थे।
पेशवाई में अटल अखाड़ा भी शामिल हुआ। इस दौरान नागरिक और साधु जयकारे लगाते हुए मस्ती में झूमते हुए चल रहे थे। संत-महन्त फल इत्यादि सामग्री प्रसादी स्वरूप नागरिकों को वितरित कर रहे। प्रशासन द्वारा पेशवाई के सुव्यवस्थित आयोजन के माकूल इंतजाम किये गये थे।