Publish Date:02-Jun-2020 16:49:45
पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साय के नाम का ऐलान किया। बता दें कि साय पहले भी छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। यह तीसरा मौका है जब पार्टी ने एक बार फिर उनको छत्तीसगढ़ का बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले साय 2006 से 2009 और फिर 2009 ने 2013 तक राज्य में पार्टी की कमान संभाल चुके हैं।
विष्णुदेव साय की गिनती बीजेपी के दिग्गज नेताओं में होती है। खासकर छत्तीसगढ़ में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है और उनको राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का करीबी भी बताया जाता है। विष्णुदेव साय 16वीं लोकसभा के लिए रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। इससे पहले 15वीं लोकसभा में भी वो सांसद चुने गए थे। साय 1991 से 2014 तक रायगढ़ लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार छत्तीसगढ़ समेत दिल्ली और मणिपुर के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। बीजेपी ने दिल्ली में आदेश गुप्ता को दिल्ली भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह मनोज तिवारी की जगह लेंगे। आदेश गुप्ता नॉर्थ एमसीडी के पूर्व मेयर रह चुके हैं और वर्तमान में काउंसलर हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। गौरतलब है कि मनोज तिवारी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उनका कार्यकाल पूरा हो चुका था, लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन कुछ दिनों के लिए टल गया था।
गौरतलब है कि बीजेपी के उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के दौरान दिल्ली में चुनाव लड़ा गया। लेकिन पार्टी को दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के हाथों में जबरदस्त शिकस्त मिली। मनोज तिवारी की हाल में उस वक्त काफी किरकिरी हुई जब वह लॉकडाउन के बाजवूद सोनीपत के एक स्टेडियम में क्रिकेट खेलने चले गए।
साभार- ला हि