25-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

अटलजी चुम्बकीय व्यक्तित्व के धनी और दूरदर्शी राजनेता हैं- चौहान

Previous
Next

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने देश के वरिष्ठ नेता, कुशल राजनयिक, साहित्य मनीषी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, यशस्वी दीर्घजीवन की कामना की है।

चौहान ने कहा कि अटलबिहारी वाजपेयी चुम्बकीय व्यक्तित्व के धनी और दूरदर्शी राजनेता हैं। पं. अटलबिहारी वाजपेयी ने भारतीय अस्मिता को विश्व के समक्ष पेश करते हुए पोखरन दो करके भारत को अजेय बना दिया। पश्चिमी दुनिया अचंभित होकर रह गई और प्रतिबंध लगाने की जब चेतावनी दी तब श्री अटलजी ने देश के सख्त तेवर दिखाकर बता दिया कि भारत की संप्रभुता पर अंगुली उठाने का किसी भी विश्व शक्ति को कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने साबित कर दिया कि दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए। विश्व शक्तियों के तेवर ढीले पड़ गए और भारत पर थोपे गये प्रतिबंध स्वमेव हटाने के लिए बाध्य होना पड़ा।

चौहान ने कहा कि विश्व शांति के मसीहा के रूप में अटलजी ने पड़ौसी देश की बस मैत्री यात्रा की और विश्व को संदेश दिया कि भारत की संस्कृति प्रेम, शांति और सहिष्णुता की है। यही कारण है कि उन्होंने गठबंधन शिल्प को साकार किया और 6 वर्षों तक एनडीए की सरकार का केंद्र में सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस, पग-पग पर विकास उनका मूलमंत्र बना। बाढ़ और सूखे की विभीषिका से देश को मुक्ति दिलाने के लिए अटलजी ने नदी जोड़ो महत्वाकांक्षी कार्ययोजना का सूत्रपात किया। केन-बेतवा लिंक योजना इसकी मार्गदर्शी योजना साबित होंगी जिससे मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश का सूखा ग्रस्त बुंदेलखण्ड हरा भरा होकर इतिहास के पन्नों पर दर्ज होकर रह जायेगा।

क्रिसमस पर्व प्रेम, करूणा और मानवता का संदेश - चौहान

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने क्रिसमस के अवसर पर जन-जन को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं अर्पित करते हुए कहा कि प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन मानवता का संदेश है। प्रभु ईसा मसीह ने विश्व को प्रेम करूणा का उपहार दिया। उन्होंने जीवन में सहिष्णुता को मानवीय सदगुण के रूप में ग्रहण करने और दूसरों की आस्थाओं, विश्वासों के प्रति सदा सहिष्णु बने रहने की सीख देकर विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त किया।

चौहान ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन क्रिसमस 25 दिसम्बर विश्व भर में धूमधाम से मनाया जाता है। सभी मिल-जुल कर परस्पर बधाईयां देकर सबके सकून, बेहतरी की कामना करते हैं। ईसा मसीह का संदेश प्रेम से प्रेम की ज्योति जलाओं और किसी भी कृत्य से दूसरों की भावना को आहत न करें, उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।

रिकार्ड फसल उत्पादन ने विमुद्रीकरण के आलोचकों को आईना दिखाया - लुणावत

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने कहा कि देश में खरीफ और रबी उत्पादन के अनुमानित रिकार्ड उत्पादन ने विमुद्रीकरण के विरोधियों को आईना दिखा दिया है जो नकदी का अभाव बताकर कृषि के प्रभावित होने की आशंका व्यक्त करते आ रहे है। गत वर्ष जो कृषि उत्पादन की विकास दर 1.2 प्रतिशत थी, वह इस वर्ष बढ़कर 5 प्रतिशत हो जाने की आशा है। बेहतर मानसून की वजह से इस वर्ष रिकार्ड खरीफ उत्पादन 13.5 करोड़ टन और रबी का बढिया उत्पादन होने का अनुमान है। चालू वर्ष 2016-17 में 27 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य पूर्ण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने खाद्य सुरक्षा कानून लागू होने के साथ किसानी को लाभ का धंधा बनाने का शक्ति भर प्रयास किया है। जिसका असर सामने आ रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना आरंभ करने के साथ बजट में किसानों को दिए जाने वाले कर्ज की राशि 50 हजार करोड़ रूपए से बढ़ाकर चालू वर्ष में 9 लाख करोड़ रूपए कर दी है। सभी सेवाओं पर 0.5 प्रतिशत कृषि कल्याण उपकर लगाया है। इससे प्राप्त धन किसान कल्याण पर व्यय की जायेगी।

अटलबिहारी वाजपेयी का जन्मदिन 25 दिसंबर को प्रदेश भर में सुशासन एवं सेवा दिवस के रूप में मनाया जायेगा

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पं. अटलबिहारी वाजपेयी का जन्मदिन 25 दिसंबर को पूरे प्रदेश भर में सुशासन एवं सेवा दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस अवसर पर अस्पतालों, वृद्धाश्रमों, मूकबधिर केन्द्रों, कमजोर बस्तियों में गरम कपड़े, कंबल, फल, मिठाई भेंट की जायेगी।

प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि प्रदेश भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जन-जन को भारतीय जनता पार्टी का सबका साथ सबका विकास मिशन एवं प्रदेश और केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बतायी जायेगी। जिससे जनता जान सके कि भाजपा के शासनकाल में विकास धरातल पर उतरा है।

उन्होंने बताया कि सुशासन और सेवा दिवस पर सभी जिला कार्यालयों में पार्टी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता सामूहिक रूप से सुशासन और सेवा के लिए समर्पित होने की शपथ लेंगे। सुशासन एवं सेवा दिवस के अवसर पर युवा वर्ग के बीच अटल सरकार और मोदी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी। युवा मोर्चा इस दिशा में पहल करेगा तथा शिक्षा संकुल में विकास और सेवा की सुरूभि बिखेरेगा। पार्टी का आईटी प्रकोष्ठ भी सुशासन और सेवा दिवस पर इस क्षेत्र की उपलब्धियां जन जन से सांझा करेगा। सुशासन और सेवा दिवस की संध्या पार्टी कार्यालय परिसरों में प्रकाशोत्सव मनाया जायेगा।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26605278

Todays Visiter:6960