Publish Date:19-Jul-2019 19:56:43
राजकाज न्यूज, भोपाल
बिजली के बिल अधिक आने और बार-बार बिजली चली जाने के विरोध में गुरूवार को प्रदर्शन कर रहे सुरेन्द्रनाथ सिंह को मुख्यमंत्री कमलनाथ को धमकी देना मंहगा पड़ा। शुक्रवार को टी.टी. नगर थाना पुलिस ने सुरेन्द्र नाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश किया।
गौरतलब है कि सुरेन्द्रनाथ सिंह ने बिजली कटौती को लेकर बयान दिया था कि यदि बस्ती की बिजली गुल हुई तो मुख्यमंत्री के घर की लाईट काट दी जाएगी और भोपाल में खून बहेगा। गुरुवार को टीटी नगर थाने में सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने धारा 506, 507 के तहत मामला दर्ज किया था। पूर्व में भी भोपाल में नगर निगम द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण विरोधी मुहिम को लेकर पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह ने मोर्चा खोला था। उनका नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को धमकाने वाला कथित ऑडियो भी वायरल हुआ था। इस ऑडियो में वे नगर निगम के स्वास्थ अधिकारी कमर साकिब को फोन पर धमकाते हुए कह रहे हैं कि यदि अब अतिक्रमण हटाया तो वे नगर निगम की गाड़ियों में आग लगा देंगे और कर्मचारियों को नग्न कर पीटेंगे।
इतना ही नहीं सुरेंद्र नाथ सिंह ने बिजली कटौती को लेकर कहा था कि यदि बस्ती की बिजली गुल की तो मुख्यमंत्री कमलनाथ और मंत्रियों के घर की बिजली काट दी जाएगी। शहर में बिजली के लिए खून की नदियां बहा देंगे। नगर निगम अधिकारी को धमकाने के बाद भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के अतिक्रमण प्रभारी महेश गोहर ने टीटी नगर थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत की थी। इसके बाद शहर कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री और मंत्रियों को धमकाने के खिलाफ टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उधर कोर्ट में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
माफी नहीं मांगूंगा, जेल चला जाऊंगा
मीडिया से बातचीत में सुरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि मैं जेल चला जाऊंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा। मैंने कोई अनुशासनहीनता नहीं की। सिंह ने कहा कि ऑडियो को एडिट कर चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सिंह की इस धमकी पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने नाराजगी जताई है। पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि वे गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसके लिए उन्हें किसी पार्टी या नेता की जरुरत नहीं है। वे माफी नहीं मांगेंगे, पार्टी चाहे तो उन पर कार्रवाई कर सकती है।
सुरेन्द्र नाथ सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की
शुक्रवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मण्डल ने टी टी नगर थाने पहुंचकर शिकायत की कि पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सुरेन्द्रनाथ सिंह द्वारा बीते गुरूवार को अपने साथियों के साथ बिना किसी अनुमति के अवांछित तत्वों सहित भीड़ को एकत्र कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में उन्होंने असयमित, अमर्यादित व्यवहार करते हुए भरी भीड़ में प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ का खून सड़कों पर बहाने की सरेआम घोषणा की। सुरेन्द्र नाथ सिंह के इस प्रकार की अमर्यादित बयान से जहां भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा सामने आया है, वहीं संवैधानिक पद पर बैठे प्रदेश के मुखिया के बारे में इस प्रकार की सोच रखने वाले भाजपा नेताओं की विचारधारा भी उजागर होती है।
प्रदेश कांगे्रस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर के नेतृत्व में कांगे्रस के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज थाना टी.टी. नगर पहुंचकर थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंप मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने वाले भाजपा नेता सुरेन्द्रनाथ सिंह एवं साथियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व जो जन नेता होने का ढांेग करत हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति की हत्या कर उनका खून सड़कों पर बहाने की धमकी दे रहा है, ऐसे व्यक्ति को तत्काल गिरफ्तार कर सीखचों के अंदर बंद किया जाना ही न्यास संगत होगा। इससे पूर्व हाल ही में इन्हीं भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह ने नगर निगम मुख्यालय पर अवैध रूप से ताला लगाकर शहर के कई क्षेत्रांे में शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचायी और आम जनता को प्रदेश सरकार के खिलाफ भड़काया और उकसाया था।
इस अवसर पर शेखर के साथ उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री राजीव सिंह, कैलाश मिश्रा, मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा, आभासिंह, प्रवक्ता जे.पी. धनोपिया, अरूण अग्रवाल, आनंद तारण, विजय सिरवैया सहित बड़ी संख्या में कांगे्रस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।