Publish Date:15-Jul-2019 22:53:47
मुद्दे नहीं इसलिए अब डाॅग हैंडलर के नाम पर कर रहे झूठी राजनीति ,शर्म आना चाहिये
कांग्रेस उनके समय के ट्रांसफर के प्रमाण उनके घर भेजेगी
भोपाल, 15 जुलाई, 2019, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने डाॅग हैंडलर के नाम पर राजनीति करने पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि जब वे खुद मुख्यमंत्री थे, तब भी प्रदेश में पुलिस डॉग हैंडलर के ट्राँसफर आदेश होते थे।
सलूजा ने आज जारी बयान में कहा सोच और विचार से गरीब भाजपा के लोगों के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं बचा है। यही कारण है कि वे अब पुलिस डाॅग पर ही राजनीति कर रहे हैं। शिवराज सिंह के शासन काल में भी पुलिस मुख्यालय ने पुलिस डॉग हैंडलर के स्थानांतरण किए थे। यह एक सामान्य प्रक्रिया है। दुखद है कि एक विषयहीन मुद्दे को विवादित बनाकर भाजपा मीडिया में छपने के लिए घृणित राजनीति कर रही है। प्रदेश के 13 वर्ष के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह इस मुद्दे पर बचकानी व झूठी राजनीति कर रहे है।
सलूजा ने कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री को उनके शासन काल में हुए स्थानांतरण के आदेश स्मरणार्थ भेज रहे हैं। जिससे उन्हें इस मुद्दे पर वास्तविकता का ज्ञान याद आये।प्रदेश की जनता भी यह जान सके कि भाजपा किस तरह की गुमराह करने वाली घृणित राजनीति करती है।
उन्होंने कहा कि आज शिवराज को जिस कानून व्यवस्था की चिंता हो रही है, वे चिंता तब कहाँ थी ,जब उनके मुख्यमंत्री रहते हुए इसी भोपाल के रेलवे लाइन पर एक बालिका के साथ जो कुछ हुआ था उसे आज भी यह प्रदेश भूला नहीं है। आँकड़े गवाह है कि बच्चों के खलिाफ अपराध व अपहरण में प्रदेश देश में बदनाम रहा व शीर्ष राज्यों में शामिल रहा।पिछले 13 साल में सिर्फ अपने प्रचार और फोटो छपवाने में व्यस्त रहे शिवराज सिंह ने जो प्रदेश के हालातों को बदतर बनाया है, उसी के परिणाम पर वे फिर से मात्र प्रचार- प्रसार के लिए जो राजनीति कर रहे हैं, जो ठीक नहीं हैं।