03-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बेहतर कार्य कर रहे है, ट्रीटमेंट से निकले स्लज का विक्रय कर आय बढ़ाए - अनुराग जैन

Previous
Next
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन ने शिरीन नदी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया अवलोकन
सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा कर मेट्रो संचालन का किया अवलोकन
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई व निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन भी साथ रहे
भोपाल, 22 अप्रैल 2024  भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई व निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के साथ शिरीन नदी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्य पद्धति, क्षमता, संचालन आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं सीवेज के उपचारित जल की शुद्धता भी देखी साथ ही शहर की जलापूर्ति के स्त्रोत व जलशोधन संयंत्रों तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले स्लज के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सचिव जैन ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बेहतर कार्य करते पाए गए है और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले स्लज के उपयोग के बाद शेष बचे स्लज का विक्रय कर आय प्राप्त की जा सकती है। इसके पश्चात अनुराग जैन ने सुभाष नगर से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा कर मेट्रो संचालन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी भी प्राप्त की। मेट्रो के अवलोकन के दौरान प्रबंध संचालक भोपाल मेट्रो रेल कार्पोरेशन सी.बी.चक्रवर्ती भी मौजूद थे।   
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन ने सोमवार को बड़ी झील किनारे स्थित 05 एम.एल.डी क्षमता के शिरीन नदी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान जैन ने शिरीन नदी से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में आने वाले सीवेज तथा सीवेज को उपचारित करने हेतु विभिन्न चरणों में की जा रही प्रक्रिया का जायजा लिया और प्रत्येक चरण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। जैन ने सीवेज से उपचारित जल की शुद्धता की भी जांच की और कंट्रोल रूम में ट्रीटमेंट के संचालन स्काडा और कम्प्यूटर पर किए जा रहे इंद्राज आदि का भी अवलोकन किया। सचिव श्री जैन ने उपचारित जल का पुर्नउपयोग के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। 
जैन ने इस दौरान भोपाल शहर में नागरिकों को जलापूर्ति करने वाले स्त्रोतों आदि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट के दौरान निकलने वाले स्लज के उपयोग की भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सचिव अनुराग जैन को अवगत कराया गया कि भोपाल शहर में बड़ा तालाब, कोलार बांध, केरवा बांध एवं नर्मदा से कच्चा पानी लेकर जलशोधन संयंत्रों के माध्यम से शुद्ध पेयजल शहर में प्रदाय किया जाता है।
जैन को अवगत कराया कि शिरीन नदी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण लगभग 8.98 करोड रुपये की लागत से कराया गया था और इसका निर्माण कार्य मार्च 2020 में पूर्ण किया गया। इस ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन 1 हजार 420 किलोग्राम स्लज निकलता है और इसका उपयोग उद्यानिकी में किया जाता है। सचिव अनुराग जैन ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले स्लज का उद्यानिकी में उपयोग के बाद शेष स्लज का विक्रय कर निगम की आय में वृद्धि की जा सकती है।
भोपाल मेट्रो रेल का अवलोकन 
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य विभाग के सचिव अनुराग जैन ने सुभाष नगर से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा कर भोपाल मेट्रो रेल के संचालन की प्रक्रिया का अवलोकन किया साथ ही मेट्रो रेल डिपो एवं संबंधित मानचित्रों व छायाचित्रों का अवलोकन किया और पायलेट केबिन में जाकर मेट्रो संचालन की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की। जैन की यात्रा के दौरान मेट्रो की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही और उन्होंने लगभग 04 किलोमीटर की यात्रा की। 
इस दौरान मेट्रो रेल के अधिकारियों ने जैन को अवगत कराया कि मेट्रो रेल में वर्तमान में तीन बोगियां लगी है और प्रत्येक बोगी की क्षमता 250 यात्री है। इस प्रकार इस मेट्रो में एक समय में लगभग 750 यात्री यात्रा कर सकते है। इस अवसर पर जैन को स्मृति चिन्ह के रूप में मेट्रो रेल का माडल भी भेंट किया गया।    
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26683915

Todays Visiter:11925