Publish Date:28-Oct-2016 18:08:36
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने दीपावली के मांगलिक अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रदेशवासियों के सुखी जीवन, समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस पर्व पर हम सभी ज्योतिर्मय होकर सबको साथ में लेकर नई आशाओं और उत्साह का संचार करें, दीप पर्व यही संदेश देता है।
चौहान ने कहा कि जहां आशाओं की किरणे विकीर्ण हों वही मानवता का सही अर्थ है। प्रफुल्लित होकर दूसरों के जीवन में आशाएं जगायें। इस मायने में ही दीपावली आत्म साक्षात्कार का पर्व है। हम बाहर का अंधकार दीपों के प्रकाश से समाप्त करने सफल प्रयत्न करते हैं। हमें अंदर के तमको में दूर करना है। दीया जलता है आलोक बिखेरता है लेकिन वहीं दीपक जब समूह में कतारबद्ध होकर सामूहिक रूप में दूसरों के साथ जलता है तो उसकी आभा सभी को चकित करती है। अपूर्व छटा दिखाई देती है। सामूहिकता का यही दीपोत्सव संदेश देता आया है, जिसे हमें आत्मसात करना है।
प्रदेश कार्यालय में धनतेरस पूजन संपन्न
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आज धनतेरस पर्व पर पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की गयी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूणावत, प्रदेश कार्यालय मंत्रीद्य सत्येन्द्र भूषण सिंह, राजेन्द्रसिंह राजपूत, अशोक सैनी सहित कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
धर्म निरपेक्ष दल अपनी ही चालो से पस्त, भाजपा आशा की किरण- शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रकल्प के प्रदेश संयोजक श्री रघुनंदन शर्मा ने कहा कि सत्ता और स्वार्थ की राजनीति करने वाले तथाकथित धर्म निरपेक्ष दल अपनी चालों में फंसकर चित होते जा रहे हैं। राष्ट्रवाद को समर्पित भारतीय जनता पार्टी ही सशक्त विकल्प के रूप में जनता की मुरीद बनी है। समाजवादी पार्टी में गृह कलह पार्टी का अंदरूनी मामला भले ही हो लेकिन उससे सपा संगठन में दरार तो पड़ ही चुकी है। सपा प्रमुख श्री मुलायम सिंह अपने ही दांव से चिंत हो गये हैं। कुनबे ने ही बिसात पलट दी है। यादव और मुसलमान वोट जिस पार्टी का जनाधार थे उनका खिसकना शुरू हो गया है।
2 नवंबर को विशाल रैली के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजयप्रताप सिंह ने कहा कि ज्ञान सिंह शहडोल संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय नेता, आदर्श कार्यकर्ता एवं लंबे राजनैतिक अनुभवी है। उन्होंने कहा कि 2 नवंबर को हमारे लोकप्रिय प्रत्याशी ज्ञान सिंह अनूपपुर में अपना नामांकन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह शहडोल के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, मंत्री संजय पाठक, ओम प्रकाश धुर्वे सहित वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दाखिल करेंगे। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को प्रातः 11 बजे अनूपपुर स्टेडियम में कार्यकर्ता एकत्रित होंगे यहां पर वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे तत्पश्चात रैली के रूप में ज्ञान सिंह अपना नामांकन प्रस्तुत करने जिला निर्वाचन कार्यालय पहुचेंगे।
उन्होंने बताया कि पिछले दो माह से हम संगठनात्मक स्तर पर चुनावी तैयारी कर रहे थे, हमारे कार्यकर्ता प्रत्येक मतदान केन्द्र तक पहुंचे है 4, 5 एवं 6 नवंबर को सभी सैक्टरों में मतदान केन्द्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इसमें हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ता मतदान केन्द्र तक पहुचेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के सिलसिले में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा सहित वरिष्ठ नेता जनता से रूबरू होंगे। 15, 16 नवंबर को मतदान केन्द्र स्तर पर महाजनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस उप चुनाव में विकास और जन कल्याण ही हमारे प्रमुख मुद्दे है हमारा कैम्पेन भी इसी पर आधारित रहेगा हमें विष्वास है कि शहडोल की जनता हम पर एक बार फिर विष्वास करेगी पिछले लोकसभा चुनावों में हमें 2 लाख 43 हजार मतों से विजय मिली थी शहडोल की जनता फिर उसी परम्परा को दोहरायेगी।