Publish Date:18-Apr-2018 18:00:18
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ से कमबैक करने जा रही हैं। प्रियंका इन दिनों अमेरिकी शो ‘क्वाटिंको’ की शूटिंग के लिए विदेश में हैं। ‘भारत’ के लिए प्रियंका चोपड़ा का नाम फाइनल होने के बाद सलमान खान ने एक ट्वीट करते हुए उनको ताना मारा था। सलमान खान के ट्वीट का रिप्लाई करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने बेहद मजेदार जवाब दिया। प्रियंका चोपड़ा को आखिरी बार प्रकाश झा की फिल्म ‘जय गंगाजल’ में देखा गया था।
सलमान खान ने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से लिखा, हैशटैग ‘भारत’, घर में आपका स्वागत है, जल्द ही मिलते हैं। हालांकि, हमारी फिल्म हिंदी है। सलमान खान ने अपने ट्वीट में प्रियंका चोपड़ा को टैग करने के साथ अतुल अग्निहोत्री और अली अब्बास जफर को भी टैग किया। इसके साथ ही सलमान खान ने फिल्म की रिलीज डेट को भी ट्वीट में बताया है। सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी। सलमान खान के ट्वीट का रिप्लाई करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने लिखा – यूपी बरेली की पली-बढ़ी हूं जनाब। देशी गर्ल हमेशा से हूं। मैं फिल्म भारत का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। सेट पर सभी से मिलते हैं।
प्रियंका चोपड़ा सलमान खान के साथ पहले तीन फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वह ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘सलाम-ए-इश्क’ में सलमान खान के साथ नजर आई थीं। फिल्म ‘भारत’ सलमान खान की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है। फिल्म का करीब 180 करोड़ रुपए का बजट है। फिल्म ‘भारत’ साल 2014 में आई दक्षिण कोरियाई फिल्म ‘ओड टू माय फादर’ की कहानी पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा रोमांस करती हुई नजर आएंगी। फिल्म के निर्देशक सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ के डायरेक्टर अली अब्बास जफर हैं। फिल्म को अतुल अग्निहोत्री ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग सलमान खान ने शुरू भी कर दी है।
साभार- जनसत्ता