16-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

किसान आंदोलन : मध्यप्रदेश में बंद, राहुल गांधी कल मंदसौर जाएंगे

इंदौर। मंदसौर में पुलिस फायरिंग में 6 किसानों की मौत के बाद आंदोलन ने और उग्र रूप ले लिया है। किसान संगठनों ने बुधवार को आधे दिन का प्रदेश बंद का आव्हान किया है, कांग्रेस भी इसका समर्थन कर रही है। उधर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंदसौर आने वाले थे, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया। अब वे गुरुवार को वहां जा सकते हैं। नीमच की हवाई पट्टी पर उनका विमान उतरना था, लेकिन एसपी मनोज कुमार का कहना है कि उनका दौरा स्थगित हो गया है, अब वे कल आएंगे।

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने किसी भी वीआईपी के मंदसौर जिले में प्रवेश पर रोक लगा दी है। कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन किसानों के अंतिम संस्कार में शामिल होने मंदसौर जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

नीमच-कोटा रोड पर डिकेन में किसानों ने लगाया जाम

बंद के दौरान किसानों ने नीमच-कोटा रोड पर डिकेन में चक्काजाम कर दिया। जिसके बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस किसानों को हटाने के लिए मौके पर पहुंची।

खरगोन में बंद के आव्हान पर सुबह से ही दुकानें बंद रही। उधर कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि भी शहर में घूमकर लोगों से बंद में समर्थन देने का आव्हान किया।

बड़वानी में शराब दुकान बंद कराने को लेकर तोड़फोड़ हो गई। यहां पूरा बाजार सुबह से ही बंद रहा, सिर्फ मेडिकल और फल-सब्जी की दुकानें खुली रहीं। यहां होटलों से नाश्ता उठाकर लोगों में बांट दिया गया।

सतना जिले में भी बंद का असर दिखा, कई कस्बों में दुकानें नहीं खुली। कांग्रेस और किसान संगठनों ने बाजार बंद का समर्थन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने किसान संगठनों के बंद के आह्वान को समर्थन दिया है। यादव ने कहा कि बंद के दौरान कार्यकर्ता कांग्रेस का झंडा लेकर सड़क पर उतरें। गौरतलब है, भारतीय किसान मजदूर संघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा 'कक्काजी' ने प्रदेश बंद की घोषणा की है। बंद बुधवार को दोपहर दो बजे तक रहेगा। अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह बुधवार को मंदसौर जाएंगे और मृतक किसानों की अंत्येष्टि में भाग लेने जाएंगे। वहीं अजय सिंह ने घटना की जांच के लिए 8 विधायकों की कमेटी बनाई है।

साभार: नईदुनिया

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26537380

Todays Visiter:5305