26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

फरार मंत्री को पकड़ने पुलिस की छापेमारी प्रदेश पर कलंक- नेता प्रतिपक्ष

मुख्यमंत्री और भाजपाध्यक्ष आर्य को पुलिस को सौंपे

भोपाल, 12 दिसंबर 2017। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा है कि भाजपा एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के लिए यह शर्मनाक है कि राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य के बंगले में पुलिस छापा मार रही है, उनकी गिरफ्तारी वारंट तामिल कराने के लिए और मंत्री फरार है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में पहला मामला है जब किसी सरकार के कार्यकाल में इतना जलील कर देने वाला वाक्या हुआ है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अगर इस शर्मनाक उदाहरण के कलंक से प्रदेश को और यहां की शानदार राजनीतिक परंपराओं को बचाना चाहते हैं तो उन्हें खुद आगे आकर लालसिंह आर्य को पुलिस के सुपर्द किया जाना चाहिए। 
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी है कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार को इतनी शर्मनाक स्थिति में पहुंचा रहे हैं| 302 के फरारी मंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो रहा वे मुख्यमंत्री से, पुलिस महानिदेशक और भाजपाध्यक्ष सब से मिल रहे हैं लेकिन भिंड पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पा रही है। श्री सिंह ने कहा कि क्या इस प्रदेश का मुख्यमंत्री और कानून का राज स्थापित करने की शपथ लेने के नाते उनका दायित्व नहीं है कि वे खुद लालसिंह आर्य को पुलिस को सौंपे। 
श्री सिंह ने कहा कि दूसरों को नैतिकता सिखाने, संस्कारित होने, राष्ट्रवादी होने का दावा करने वाली पार्टी को अपने ही देश के कानून के साथ यह खिलवाड़ क्या देशद्रोह के दायरे में नहीं आता। उन्होंने कहा कि नीमच के एक पत्रकार ने अपने फेसबुक पर गृहमंत्री के बयान पर टिप्पणी कर दी तो उसके खिलाफ धारा 376 और राजद्रोह का मुकदमा दायर कर दिया और एक मंत्री खुलेआम कानून और अदालत की धज्जियां उड़ा रहा है, वह इस प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से बेखौफ मिल रहा है और पूरा तंत्र और सरकार उसके सामने असहाय है। प्रदेश की जनता का ऐसे में कानून के राज पर कैसे विश्वास कायम होगा।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26613028

Todays Visiter:7127