Publish Date:09-Dec-2019 20:19:26
पुडुचेरी. पुडुचेरी (Puducherry) के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी (V Narayansami) ने कांग्रेस पार्टी (Congress Party) की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के जन्मदिन के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को अनोखा तोहफा दिया. नारायणसामी ने इस मौके पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को एक-एक किलो प्याज दी. वहीं इससे पहले प्याज की बढ़ी कीमतों पर भाजपा (BJP) नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि देश संकट में है क्योंकि प्रधानमंत्री की ओर से बनाई गई ‘‘काल्पनिक दुनिया’’ अब धराशायी हो रही है.
राहुल गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitaraman) पर हमला करते हुए कहा कि वह ‘‘ अक्षम’’ हैं, उन्हें आसपास क्या हो रहा है इसकी जानकारी नहीं है और यह कहना कि वह प्याज या लहसुन नहीं खातीं उनका ‘दंभ’ है.
73 साल की हो गई हैं सोनिया गांधी
आपको बता दें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को 73 साल की हो गईं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. हालांकि, देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं से दुष्कर्म की बढ़ रही घटनाओं के चलते सोनिया गांधी ने कहा कि वह सोमवार को अपना जन्मदिन नहीं मना रही हैं क्योंकि वह इन घटनाओं से दुखी हैं. सोनिया के जन्मदिन पर उनके घर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे .
प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जन्मदिन पर ट्वीट किया, "सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. मैं उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं."
कांग्रेस ने कहा- सोनिया हमारी शक्ति
कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "सोनिया गांधी हमारी शक्ति और हमारी बड़ी नेता हैं. उस शख्स को जन्मदिन का मुबारकबाद जिसने महिलाओं की शक्ति, हमारे देश की संस्कृति और हमारे देश के लोगों की क्षमता को खुद में समाहित किया है."
द्रमुक नेता एम के स्टालिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कई अन्य नेताओं ने भी सोनिया को जन्मदिन की बधाई दी.
(भाषा के इनपुट के साथ)
साभार- न्यूज 18