24-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

सुप्रसिद्ध अदाकारा वहीदा रहमान को किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत करेंगी मंत्री डॉ. साधौ

Previous
Next

भोपाल : शनिवार, फरवरी 1, 2020, संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ 4 फरवरी को मुम्बई में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को उनके निवास पर मध्यप्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित किशोर कुमार सम्मान 2018 से अलंकृत करेंगी। निर्णायक मंडल द्वारा वहीदा रहमान को यह सम्मान देने का निर्णय सर्वसम्मति लिया गया। वहीदा रहमान स्वास्थ्य संबंधी कारणों से गत अक्टूबर माह में खंडवा में पार्श्व गायक किशोर कुमार की जयंती पर हुए कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सकी थीं।

संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ मुम्बई में 4 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे वहीदा रहमान को उनके बांद्रा (पश्चिम) स्थित निवास पर जाकर सम्मान स्वरूप दो लाख रुपये, शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान करेंगी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री पंकज राग भी उपस्थित रहेंगे।

मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत होंगे
पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर और संगीत निर्देशक कुलदीप सिंह


राज्य शासन ने पार्श्व  गायिका सुमन कल्याणपुर तथा संगीत निदेशक श्री कुलदीप सिंह को प्रदेश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से  अलंकृत करने का निर्णय लिया है। संस्कृति विभाग द्वारा यह सम्मान 6 फरवरी को इंदौर में आयोजित किये जा रहे समारोह में प्रदान किया जायेगा।

संस्कृति विभाग द्वारा इंदौर के बास्केट बॉल कॉम्प्लेक्स में 5-6 फरवरी को दो दिवसीय राज्य-स्तरीय सम्मान एवं सुगम संगीत समारोह आयोजित किया जायेगा। समारोह में पहले दिन सुगम संगीत प्रतियोगिता में संभाग स्तर पर चयनित प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेगे। समारोह में दूसरे दिन पार्श्व  गायिका सुमन कल्याणपुर तथा संगीत निदेशक श्री कुलदीप सिंह को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से  अलंकृत किया जायेगा। सम्मान स्वरूप 2 लाख रुपये और प्रशस्ति पट्टिका भेट की जायेगी। अलंकृत सुश्री सुमन कल्याणपुर और श्री कुलदीप सिंह समारोह में अपने सह कलाकारों के साथ संगीतमयी प्रस्तुतियां देंगे।

आईफा फिल्म अवार्ड 2020 के लिए समिति गठित

राज्य शासन ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आईफा फिल्म अवार्ड 2020 के लिए समिति का गठन किया है। समिति में अपर मुख्य सचिव जल संसाधन एवं नर्मदा घाटी विकास, अपर मुख्य सचिव वित्त, अपर मुख्य सचिव गृह, प्रमुख सचिव जनसम्पर्क और सचिव वाणिज्यिक कर को सदस्य एवं सचिव पर्यटन को सदस्य सचिव मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही आईफा फिल्म अवार्ड के कार्य सम्पादन के लिये पर्यटन विभाग को नोडल विभाग बनाय गया है।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26595693

Todays Visiter:5332