26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मध्‍यप्रदेश विस में नेता प्रतिपक्ष सत्‍यदेव कटारे का दु:खद निधन

Previous
Next

राजकाज न्‍यूज, भोपाल

मध्‍यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता सत्‍यदेव कटारे का गुरूवार को लम्‍बी बीमारी के बाद मुबंई में निधन हो गया। कटारे के निधन पर कांग्रेस एवं भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं ने दु:ख व्‍यक्‍त किया हैं। प्रदेश के भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से विधायक सत्यदेव कटारे बीमारी के लिए इलाज के लिए न्यूयॉर्क भी गए थे. इसके बाद उनकी सेहत में कुछ सुधार आया था. पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के हीरानंदनी अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया था।

जीवन परिचय
-सत्‍यदेव कटारे का जन्‍म 15 फरवरी 1955 हुआ था.
-विधि में स्‍नातकोत्‍तर कटारे भिंड जिले के मनेपुरा (अटेर) से संबंध रखते थे।
-अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कटारे ने युवा कांग्रेस के साथ की थी।
- 1985 से 1990 तक वे मध्‍यप्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव रहे।
-मोतीलाल वोरा के कार्यकाल में 1989 से 1990 तक वे परिवहन और जेल के सहायक मंत्री रहे थे।
-दिग्विजय सिंह शासनकाल में 1993 से 1995 तक वे मध्‍यप्रदेश के गृह राज्‍यमंत्री रहे।
-1995 से 1998 के दौरान वे मध्‍यप्रदेश के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रहे।

-2003 से 2008 तक वे भिंड के अटेर क्षेत्र के विधायक रहे. 2008 विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद वह पिछले विधानसभा चुनाव में फिर अटेर से विधायक चुने गए थे।

जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्रा द्वारा कटारे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त
 
जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता सत्यदेव कटारे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कटारे मध्यप्रदेश विधानसभा में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते थे। कुछ समय से गंभीर अस्वस्थता के बावजूद उन्होंने सदन में उपस्थित लेने में रूचि ली। वे ओजस्वी वक्ता और जनहित के मुद्दे उठाने वाले समर्पित नेता थे। श्री कटारे सार्वजनिक जीवन में शून्य से शिखर की ओर बढ़ने के लिए सक्रिय रहे। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि श्री कटारे के निधन से उनका मन आहत है।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने दिवंगत कटारे की आत्मा की शांति और शोकाकुल कटारे परिवार एवं उनके मित्रों, शुभचिंतकों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की विनती ईश्वर से की है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने किया शोक व्यक्त
 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे का लंबी बीमारी के चलते आकस्मिक निधन होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा को चिरशांति एवं उनके परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की है।
यादव ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में स्वर्गीय कटारे ने विधानसभा एवं विधानसभा के बाहर प्रदेश के नागरिकों एवं युवाओं के हितों को लेकर, व्यापमं महाघोटाले जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे, किसानों की समस्याओं आदि के साथ-साथ आम नागरिकों के अधिकारों के प्रति अपना संघर्ष निरंतर जारी रखा जो पूरे प्रदेश में जगजाहिर है।

यादव ने स्वर्गीय कटारे के प्रति शोक व्यक्त करने हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश कांग्रेस ने एक वरिष्ठ नेता खो दिया है, उनके निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है। स्वर्गीय श्री कटारे के राजनैतिक सफर के संबंध में कहा कि उनका जीवन प्रजातांत्रिक मूल्यों का एक जीवंत उदाहरण है कि उन्होंने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है, उनके योगदान को कांग्रेसजन हमेशा याद रखकर उनके बताये रास्ते पर आगे चलते रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्वर्गीय कटारे के निधन पर होगी शोक सभा  

नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के आकस्मिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में दिनांक 21 अक्टूबर, शुक्रवार को पूर्वान्ह    11.30 बजे एक शोक सभा आयोजित की गई है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहेंगे।

कटारे का निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति- अजय सिंह

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन पर  शोक व्यक्त करते हुए कहा  है कि यह उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है| सिंह ने कहा कि कटारे  ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई और उन्होंने जनता से जुड़े  मुद्दों को सशक्त ढंग से विधानसभा में उठाया| सिंह ने कहा कि श्री कटारे ने राजनीति में रहते हुए विभिन्न जिम्मेदारियों का  पूरी योग्यता और कुशलता से निर्वहन किया| उनके निधन से कांग्रेस ने और प्रदेश ने एक बेहतर नेता खो दिया है|

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26608320

Todays Visiter:2419