Publish Date:16-Nov-2016 20:22:18
शहडोल। प्रदेश में जनोन्मुखी शासन है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर की सरकार है। कांग्रेस ने किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर ऋणग्रस्त बनाया। बिजली और पानी की किल्लत ने किसानी को तबाह कर दिया। 2003 के बाद प्रदेश में आयी भाजपा सरकार ने प्रदेश में बिजली का उत्पादन सरप्लस में बदल दिया। 24 घंटे गांवों में बिजली की पूर्ति की जा रही है। सड़कों का जाल बिछाया गया है। किसानों को जीरों प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर उन्हें खुशहाल किया जा रहा है। किसान की खुशहाली पर प्रदेश की समृद्धि निर्भर है। पिछले 11 वर्षों में मध्यप्रदेश में विकास का कीर्तिमान बना है। खेती की विकास दर 20 प्रतिशत पहुंची है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह बात आज पुष्पराजगढ़ विधानसभा के करोंदी, राजेन्द्र ग्राम में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते कही। आज कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में खेती को हाशिए पर डालकर खेती से किसानों का पलायन आरंभ किया था। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने खेती को आर्थिक लाभ का धंधा बनाकर प्रदेश को चार बार कृषि कर्मण सम्मान से अभिनंदित कराया है।
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि पुष्पराजगढ़ अंचल के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस दोषी है। उपचुनाव के कारण मुख्यमंत्री घोषणा करने में विवश है, लेकिन उपचुनाव के बाद राज्य सरकार इस अंचल को प्रगति के शिखर पर पहुंचायेगी। जिला स्तर पर विकास के लिए बैठक की जायेगी। सरकार स्वयं यहां आकर विकास योजनाओं को समयबद्ध कार्यक्रम में पूरा करने के लिए रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि पिछड़े अंचल में शिक्षा का तेजी से प्रसार करने के लिए 10 साल में तीन दर्जन विद्यालय खोले है, जबकि कांग्रेस ने पांच दशकों में 4 विद्यालय खोले थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, अनुसूचित जाति, जनजाति के बच्चों के लिए शिक्षा में उदार व्यवस्था कर रही है। इन्हें इंजीनियरिंग, मेडीकल, आईआईटी जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए सरकार शुल्क जमा करने की जवाबदेही संभाल रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्गो और गरीबों के बच्चे अभाव के कारण उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे। उन्हें कौशल विकास कार्यक्रम से लाभ पहंुचाया जायेगा और कौशल विकास के साथ उन्हें स्वरोजगार में स्थापित किया जायेगा। राज्य सरकार 10 हजार से लेकर 10 लाख तक का कर्ज देने के लिए वचनबद्ध है। कर्ज की गारंटी सरकार लेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण किया गया है। महिलाएं स्थानीय शासन में पुरूषों के बराबर भाग ले रही है। भारतीय जनता पार्टी ने विकास का जो तानाबाना बुना है उसे आगे शिखर तक ले जाने के लिए आवश्यक है कि आप उपचुनाव में श्री ज्ञान सिंह को समर्थन देकर विजयी बनाएं।
भाजपा ने इस क्षेत्र में श्री ज्ञान सिंह को जो अनुभवी, सक्षम, सहज, सुलभ राजनेता है को प्रत्याशी बनाया है। श्री ज्ञान सिंह की जीत शहडोल जिला और पुष्पराजगढ़ के विकास की जीत होगी। उन्होंने आग्रह किया कि विकास को जिस तरह भाजपा ने जनआंदोलन बनाकर जनता को सुकून दिया है उसे जारी रखनें के लिए भाजपा को समर्थन दें और प्रदेश में मुख्यमंत्री तथा केन्द्र में प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करें।
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। ज्ञान सिंह भाजपा के जानेमाने लोकप्रिय नेता है। उन्हें 19 नवंबर को होने वाले उपचुनाव मतदान में कमल का बटन दबाकर विजयी बनाएं। इससे प्रदेश और इस क्षेत्र का भला होगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंत्री भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री वी.डी. शर्मा, सुदामा सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पूर्व में मुख्यमंत्री ने शहडोल में रोड शो किया। जहां जनता उमड़ पड़ी।
उमरिया में मुख्यमंत्री के रोड शो में उमड़ा जनसैलाव
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उमरिया नगर में जनदर्शन (रोड शो) कर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उमरियावासियों ने आज फूल की बरसा कर स्वागत किया है। उमरिया के विकास में कभी कांटे नहीं आने दूंगा उमरिया वासियो ने जो माँगा वो दिया है कभी कोई कसर नहीं छोड़ी ओर आगे भी कोई कसर नही छोडूंगा।
उन्होंने कहा कि उमरिया की बहनो ने दीप जलाकर अपने भाई का स्वागत किया में कभी उनकी जिंदगी में अँधेरा नही आने दूंगा श्री चौहान ने कहा कि उमरिया के विकास में कोई कमी नही आने दी जायेगी परन्तु इस निर्वाद विकास के लिए जरुरी है कि ज्ञान सिंह आपके सांसद बने। घंघरी नाके से स्टेशन चौराहे तक अनेक सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षणिक संस्थानों ने मंच लगाकर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। चौहान ने सभी नागरिको का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। इस अवसर पर पार्टी के महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा उपस्थित थे।
‘‘सेवा, समर्पण और सुशासन के 11 वर्ष’’ कार्यक्रम के लिए 20 नवंबर से संभागीय बैठकें आयोजित
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और सुशासन के 11 वर्ष कार्यक्रम प्रदेश भर में आयोजित करेगा। 29 नवंबर को प्रदेश की सभी पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में हितग्राही सम्मेलन आयोजित होंगे। हितग्राही सम्मेलनों की तैयारी के लिए 20 नवंबर से 22 नवंबर के बीच संभागीय बैठकें आहूत की गयी है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी बैठक का मार्गदर्शन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान 20 नवंबर को दोपहर 1 बजे भोपाल संभाग की बैठक को संबोधित करेंगे। 20 नवंबर को सागर में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, इंदौर में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा एवं शहडोल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री अजयप्रताप सिंह संभागीय बैठक में भाग लेंगे। 21 नवंबर को रीवा में महाकौशल प्रांत के संगठन मंत्री श्री अतुल राय, 22 नवंबर को उज्जैन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, चंबल संभाग की बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अरविन्द भदौरिया, ग्वालियर में पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, जबलपुर में पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर एवं होशंगाबाद में नर्मदापुरम संभाग की बैठक को पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री पंकज जोशी संबोधित करेंगे।