19-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

कांग्रेस सभी मंडियों पर प्रदर्शन करेगी- कमलनाथ

 किसान पुत्र के राज में किसान परेशान, फसल बेचने के इंतजार में मौतों का सिलसिला जारी

भोपाल, 23 मई 2018, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि किसान पुत्र शिवराजसिंह के शासनकाल में प्रदेश में अन्नदाता किसानों की मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी गोली से, कभी कर्ज बोझ से, कभी खेती में घाटे से और अब फसल बेचने के इंतजार में किसानों की मौतों का सिलसिला अनवरत जारी है।
कमलनाथ ने कहा है कि खुद को किसानों का हितैषी बताने वाली भाजपा सरकार के राज में किसान सबसे ज्यादा परेशान है। प्रदेश की मंडियों और खरीदी केंद्रों पर गेहूं, चना, मसूर, सरसों, प्याज और लहसुन बेचने आये किसान जमकर परेशान हो रहे हैं। मंडियों में अव्यवस्थाओं की भरमार है। खरीदी केंद्रों पर कई-कई किलोमीटर लंबी लाईनें लगी हुई हैं। किसानों को अपनी फसल बेचने और तुलाई के लिए तीन-तीन, चार-चार दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मंडियों में इन अव्यवस्थाओं के फलस्वरूप एक सप्ताह पहले विदिशा जिले की लटेरी मंडी में किसान मूलचंद ने और कल राजगढ़ जिले की नरसिंहगढ़ मंडी में किसान ओमप्रकाश पाटीदार की फसल बेचने के इंतजार में मौत हो गई। लेकिन शिवराज सरकार बेखबर होकर आज भी कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। वह किसानों की परेशानी भूलकर झूठी विकास यात्राओं और घोषणाओं में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया है कि किसानों की फसल खरीदने और तुलाई में भी जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
मंडियों में किसानों से बात करने और प्रदर्शन के निर्देश
कमलनाथ ने प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों को निर्देश दिये हैं कि वे प्रदेश भर में अपने-अपने यहां की मंडियों और खरीदी केंद्रों पर पहुंचे। किसानों के साथ खडे़ होकर उनसे चर्चा करें, उनकी समस्याओं को जाने और उनका साथ दें। किसानों को साथ में लेकर इस कुंभकर्णी नींद में सोई सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करें। 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि कांग्रेस शुरू से ही किसान हितैषी रही है और उनके सुख-दुख में खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि जब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक इस सरकार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26560807

Todays Visiter:4536