19-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

नकारात्मकता को सफलता में परिवर्तित करने पर निश्चित है कामयाबी - श्रीमती सिंधिया

खेल अलंकरण समारोह में सम्मानित हुई खेल हस्तियाँ 

भोपाल : गुरूवार, अक्टूबर 4, 2018, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदेश के सर्वोच्च विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र तथा लाईफ टाईम अचिव्हमेंट खेल पुरस्कार-2018 के चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी ओलम्पियन पद्मश्री श्री सुशील कुमार, म.प्र. ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष श्री रमेश मेन्दोला, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्षा श्रीमती राजलक्ष्मी सिंहदेव, अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवक कल्याण श्री एम.मोहनराव, संचालक, खेल एवं युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन उपस्थित थे।

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि खेलों में डीएनए कोई मायने नहीं रखता। कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय हमेशा लक्ष्य तक पहुँचने में मददगार साबित होता है। अगर हम अपनी नकारात्मक को सफलता में परिवर्तित करते हैं, तो कामयाबी जरूर मिलती है। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश ने खेलों में नया इतिहास रचा है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान बनी है। अब ओलम्पिक का लक्ष्य है। खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण की और हाई परफार्मेंस के लिए अत्याधुनिक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे है।

एशियन गेम्स विजेताओं को मिली सम्मान राशि

एशियन गेम्स, जकार्ता में भारत के लिए पदक जीतने वाले मुस्कान किरार, हर्षित तोमर और विवेक सागर को मध्यप्रदेश शासन ने शिखर खेल अलंकरण समारोह में इस बार विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें एशियन गेम्स में पदक जीतने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। एशियन गेम्स में तीरंदाजी कम्पाउण्ड टीम इवेंट में रजत पदक जीतने वाली मुस्कान को 75 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उनके मुख्य कोच रिचपाल सिंह को 10 लाख, सहायक कोच अशोक यादव को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान कर दी गई। सेलिंग में 4.7 ओपन क्लास में नेशनल सेलिंग स्कूल की हर्षिता तोमर को 50 लाख रुपये, उनके मुख्य कोच अर्जुन अवार्डी जीएल यादव को 10 लाख, सहायक कोच पी. मधु और अनिल शर्मा को 5-5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। विवेश सागर को 50 लाख रूपये और उनके मुख्य कोच रहे अशोक कुमार को 10 लाख रुपये, महिला हॉकी अकादमी के चीफ कोच परमजीत सिंह को 10 लाख और सहायक कोच वंदना उइके को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। समारोह में 15 जूनियर खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार और 10 खिलाड़ियों को विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया गया। तीन प्रशिक्षकों को विश्वामित्र अवार्ड और धार के श्री सुधीर वर्मा को बैडमिंटन खेल में विशेष योगदान के लिए लाइफ टाइम अचिव्हमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

सुविधाओं का पूरा फायदा उठाएँ खिलाड़ी : श्री सुशील कुमार

पद्मश्री श्री सुशील कुमार ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों के लिए जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं, वह अन्यत्र कहीं नहीं है। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे इनका पूरा फायदा उठाएँ। साथ ही, अपने खेल पर फोकस करें और परिणाम दें। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप मिलने वाले अवार्ड ही उनका मनोबल बढ़ाते हैं। अब सिर्फ खिलाड़ियों का ही दायित्व है कि वे अच्छे परिणाम दें।

सम्मानित खेल हस्तियाँ

एकलव्य पुरस्कार-2018

इस वर्ष पन्द्रह खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें पाँच खिलाड़ी इन्दौर, तीन भोपाल, तीन जबलपुर, दो होशंगाबाद तथा भिण्ड और ग्वालियर का एक-एक खिलाड़ी शामिल है। एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में श्री अद्वैत पागे (तैराकी) इन्दौर, कु. आध्या तिवारी (सॉफ्ट टेनिस) होशंगाबाद, कु. जहान्वी श्रीवास्तव (कैनोइंग-कयाकिंग) भोपाल, कु. श्रेया अग्रवाल (शूटिंग) जबलपुर, कु. मुस्कान किरार (तीरंदाजी) जबलपुर, कु. नाओरेम अनीता देवी (साइक्लिंग) जबलपुर, श्री राजू सिंह भदौरिया (घुड़सवारी) भिण्ड, कु. नम्रता बत्रा (वूशु) इन्दौर, कु. उमा चौहान (सेलिंग) भोपाल, कु. निशा तायड़े (फेंसिंग) भोपाल, कु. दुर्वा मुद्रीस (सॉफ्टबॉल) इन्दौर, कु. नीरज राणा (हॉकी) ग्वालियर, श्री विवेक प्रसाद सागर (हॉकी) होशंगाबाद, श्री आकाश नैनिवाल (कबड्डी) इन्दौर, और श्री परितेश पाल (पावर लिफ्टिंग) इन्दौर शामिल है।

विक्रम पुरस्कार-2018

इस वर्ष विक्रम पुरस्कार से सम्मानित होने वाले दस खिलाड़ियों में भोपाल के पाँच, इन्दौर के दो, होशंगाबाद, राजगढ़ और शहडोल के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अंतर्गत कु. हर्षिता तोमर (सेलिंग) होशंगाबाद, श्री वीरेन्द्र बाथम (कैनोइंग-कयाकिंग) भोपाल, श्री प्रणय खरे (घुड़सवारी) भोपाल, कु. अनम बासित (शूटिंग) भोपाल, कु. कीर्ति चंदानी (सॉफ्ट टेनिस) भोपाल, कु. रूकमनी (रोइंग) राजगढ़, कु. जूही झा (खो-खो) इन्दौर, कु. पूजा वस्त्रकार (क्रिकेट) शहडोल, श्री भीम सोनकर (पॉवर लिफ्टिंग) इन्दौर तथा दिव्यांग श्रेणी में श्री सोनू गोलकार (क्रिकेट) भोपाल का चयन विक्रम पुरस्कार के लिए किया गया है।

विश्वामित्र पुरस्कार-2018

इस वर्ष के विश्वामित्र पुरस्कार व्यक्तिगत खेल में श्री विनोद मिश्रा (कैनोइंग-कयाकिंग) भोपाल और श्री मुटुम इबोमचा सिंह (साईक्लिंग) जबलपुर को तथा दलीय खेल में श्री घनश्याम चौधरी (कबड्डी) इन्दौर को प्रदान किया गया।

लाइफ टाइम एचिव्हमेंट पुरस्कार-2018

इस वर्ष का लाइफ टाइम अचिव्हमेन्ट पुरस्कार बैडमिंटन खेल में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए धार के श्री सुधीर वर्मा को प्रदान किया गया।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26558961

Todays Visiter:2690