Publish Date:20-Oct-2016 23:07:27
भारतीय जनता पार्टी की बैठक आज प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में संपन्न हुई। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें प्रमुख रुप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष, गुरुनानक देवजी के जन्म के डेढ़ सौ वर्ष तथा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की सरकार की उपलब्धियों के 11 वर्ष के संदर्भ में चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह के नेतृत्व में आगामी 29 नवंबर को सरकार अपने कार्यकाल का 11 वर्ष पूर्ण कर रही है। इस दरमियान समूचा कार्यकाल जनकल्याण की दृष्टि से उपलब्धियों से भरा रहा है। सरकार की ऐसी तमाम योजनाएं हैं जिन्हें न सिर्फ मध्यप्रदेश में सराहा गया है बल्कि देश के अनेक राज्यों ने उनको अपनाकर लोककल्याण की दिशा में अपने कदम आगे बढ़ाएं हैं।
बैठक में कार्यकर्ताओं से शहडोल लोकसभा उपचुनाव एवं नेपानगर विधानसभा उपचुनाव की दृष्टि से तैयार रहने के लिए कहा गया। बैठक में नंदकुमारसिंह चौहान ने बताया कि शहडोल लोकसभा क्षेत्र के तीनों जिलों शहडोल अनूपपुर और उमरिया के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बेतहाशा कार्य किए। पिछली कांग्रेस सरकार इन तीनों जिलों को अविकसित अवस्था में छोड़कर गई थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने और विशेषकर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने क्षेत्र के विकास के लिए भरसक प्रयत्न किया। जैसे शहडोल को संभाग का दर्जा दिया तो वह कहने के लिए नहीं दिया। बल्कि वहां विश्वविद्यालय का उपहार दिया, मेडिकल कॉलेज दिया, इंजीनियरिंग कॉलेज दिया और इस प्रकार के अन्य विकास कार्य लोकसभा में किए गए।
इस अवसर पर सुहास भगत ने कहा की भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के भीतर स्वाभिमान का नया संचार हुआ है और देश के बाहर समूचे विश्व में आज भारत की प्रतिष्ठा शिखर पर है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपनी सरकार की गौरवपूर्ण कार्यशैली पर अभिमान करना चाहिए। आज सारे विश्व में भारत का परचम लहरा रहा है। कभी हमारा देश एक सॉफ्ट स्टेट के रूप में जाना जाता था और दुश्मनों के हमले हम सहते रहते थे लेकिन वह दौर अब भारत से जा चुका है। सारी दुनिया ने देखा है कि हमने अपने राष्ट्र की रक्षा के लिए माकूल कदम उठाए हैं ।देश के दुश्मन चाहे देश के भीतर हों या देश के बाहर हों, सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है। भारत के लोगों में और विशेषकर युवाओं में आज राष्ट्रभक्ति का रक्त हिलोरें ले रहा है। भारत सफल बने ,सशक्त बने और समरस बने ,इस दिशा में हमारी सरकार नित्य प्रतिदिन कार्य कर रही है। देश के भीतर कुछ वर्षों पूर्व से निराशा का वातावरण था। वह पूरी तरह दूर हो चुका है। न सिर्फ राष्ट्र की सुरक्षा के मुद्दे पर बल्कि सामाजिक आर्थिक और नैतिक विकास की दिशा में भी हमारी सरकार अनथक अनवरत कार्यरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया ऐसे वातावरण में जनता जानती है एक लोकसभा सीट श्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्र साधना की नई प्रेरणा देगी, इसलिए यह तय है कि हम लोकसभा और विधानसभा दोनों ही उपचुनाव बहुत सम्मानजनक बहुमत के साथ जीतने वाले है।
दस लाख इकाईयों की स्थापना की महत्वाकांक्षी योजना
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि 10 लाख सूक्ष्म, लघु व मध्यम औद्योगिक इकाईयां उत्पादनशील होकर देश के आर्थिक जीवन में परिवर्तन की इबारत लिखेगी। उन्होनें देश की सूक्ष्म, लघु व मध्यम इकाईयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि जब विश्व के देश मंदी के भंवर में फंसे हुए है, तब विश्व अर्थव्यवस्था की स्थिरता में भारत ने निर्णायक योगदान दिया है। और यह भी तभी संभव हो सका है, जब देश में सूक्ष्म, लघु व मध्यम औद्योगिक इकाइयां उत्पादन में अपनी दिशा और गति को स्थायित्व दे रही है। प्रधानमंत्री ने खादी उद्योग को लोकप्रिय बनानें की पेरोकारी करते हुए कहा है कि आजादी के दौर में यह खादी फाॅर नेशन थी, आज खादी फार फैशन मानकर जनता की रूचि और रूझान के अनुसार उत्पादन के तौर तरीकों में बदलाव और तकनीकी का इस्तेमाल करना लाजिमी है।