Publish Date:10-Nov-2016 17:54:04
शहडोल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज शहडोल संसदीय क्षेत्र के कोतमा विधानसभा के ग्राम कोठी, जैतपुर विधानसभा के खैरा, मानपुर के चुहरी और बांधवगढ़ के पथरहटा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विकास को राजनीति का माध्यम बनाया। समाज में सुखद परिवर्तन के लिए सियासत का परिष्कार किया। यही कारण है कि कांग्रेस को जनता ने निष्क्रियता और नकारात्मक मानसिकता के कारण चित्त से उतार दिया है। जनता के समर्थन से भारतीय जनता पार्टी का कश्मीर से कन्याकुमारी तक तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश और प्रदेशों में पांच दशक तक सत्ता का एकाधिकार रखा, लेकिन विकास की चिंता नहीं की। किसान को हाशिए पर डालकर उसे ऋणग्रस्त बना दिया जबकि केन्द्र की सत्ता में आते ही भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उपहार देकर ग्रामों में विकास की रोशनी पहंुचायी। नदी जोड़ो योजना के अमल से हर खेत को पानी और हर हाथ को काम का सपना पूरा होगा। सूखा और बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खेती किसानी की साख सुविधा पर ध्यान नहीं दिया।किसान 18 प्रतिशत ब्याज पर ठगे गए। जबकि भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लाकर किसान ने जोखिम में केन्द्र और राज्य सरकारों को हिस्सेदार बनाकर किसान को आर्थिक कवच दिया। मध्यप्रदेश में किसान को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज की व्यवस्था कर 10 प्रतिशत छूट का उपहार दिया। भाजपा की सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर की सरकार है। ज्ञान सिंह इस क्षेत्र के सांसद चुने जाकर शहडोल क्षेत्र की जनता के कल्याण के लिए केन्द्र, राज्य सरकार और जनता के बीच सेतु साबित होंगे।
चौहान कहा कि ज्ञान सिंह क्षेत्र के परखे हुए विकास के हितैषी विधायक, सांसद रह चुके है। उन्हें विजयी बनाकर जनता विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। भारतीय जनता पार्टी को दिया गया समर्थन विकास की गारंटी होगी। श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आदिवासी, अनुसूचित जाति, बीपीएल परिवारों के बच्चों को शिक्षा दीक्षा की व्यवस्था की है। स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में उदार कर्ज की व्यवस्था की गयी है। इससे रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवकों को रोजगार के अवसर कौशल विकास की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्वरोजगार से जुड़कर नौजवान नौकरी की तलाश में नहीं घूमेंगे। दूसरों को नौकरी देंगे। आदिवासी युवक उंचे पदों पर स्थापित हो। कलेक्टर, कप्तान, इंजीनियरिंग, डाक्टर बनें इसके लिए उनके अध्ययन के लिए सरकार वित्तीय मदद दे रही है। ज्ञान सिंह इस क्षेत्र के सांसद बनकर जनता का कल्याण क्षेत्र का विकास करेंगे। कांग्रेस के पास विकास की दृष्टि नहीं है। भाजपा के पास केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां है। प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश में अव्वल है। ज्ञान सिंह का निर्वाचन क्षेत्रीय विकास के लिए जनता की शक्ति बनेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 1000 रू. और 500 रू. के नोट का प्रचलन बंद करके कालाधन और भ्रष्टाचार पर निर्णायक प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जिनके पास ईमानदारी की कमाई है उन्हें इन नोटों के बदले नए नोट दिए जायेंगे। उन्हें घबराने की कतई आवश्यकता नहीं है। घबराने की आवश्यकता उनको है जिन्होंने कालाधन कमाया है और वे इन बड़े नोटों का हिसाब देने से कतरा रहे है।
विशाल जनसभा के दौरान वरिष्ठ मंत्री रामपाल सिंह, विश्वास सारंग, जयसिंह मरावी, रामलाल बैगा सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थिति थे।
चांदी का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, आज आदिवासियों के साथ खाना खाने की नौटंकी कर रहे हैं- तोमर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज जैतपुर विधानसभा के धनपुरी में युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य जनता को गुमराह करना है। जिन्होंने पिछले 50 वर्षों तक विकास का काम नहीं किया और चांदी का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए वह आज आदिवासियों के साथ खाना खाने की नौटंकी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुद को राजा महाराजा बुलवाने पर शौक कांग्रेस के नेता रखते हैं लेकिन यह लोकतंत्र है यहां अब कोई राजा महाराजा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, लेकिन शहडोल की जनता जागरूक है और वह भलिभाॅति अपना हित जानती है। उन्होंने कहा कि 2003, 2008, 2013 और 2014 में कांग्रेस का यही नेतृत्व चुनाव मैदान में था, लेकिन शहडोल की जनता ने हर चुनाव में कांग्रेस को नकारा और भारतीय जनता पार्टी का साथ दिया। जीत के रूप में आशीर्वाद दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार न देश में है और न प्रदेश में तो फिर कांग्रेस विकास कहां से करेगी ? कांग्रेस के नेता जगह जगह घूमकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे है। जिन्दगी भर महलों में और एसी कमरें में बैठने वाले कांग्रेस नेता आज खाट सभा का रहे है, लेकिन उन सभाओं में भी जनता ने उनकी खाट खड़ी कर दी है। कांग्रेस आज नैतिक रूप से देश और प्रदेश में समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता के प्रेम, स्नेह और विश्वास के कारण मध्यप्रदेश और देश में भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज जो मुकाम हासिल किया है वह प्रदेश की जनता की देन है। श्री शिवराजसिंह ने गरीबों की पीड़ा को समझा है, उन्हें किसानों का दर्द मालूम है। गांव, गरीब, नौजवान, किसान और आदिवासी के विकास के लिए शिवराज सरकार हर मोर्चे पर काम कर रही है। आज हमारा नौजवान किसी भी वर्ग का हो उसके पढ़ने का इंतजाम शिवराज सरकार ने किया है।