26-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मेरा घर भाजपा का घर अभियान में कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर लगाया भाजपा का झंडा

Previous
Next

भोपाल, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को ‘मेरा घर भाजपा का घर’ अभियान के तहत अपने घरों पर भाजपा का झंडा लगाया। अभियान के तहत आज प्रदेश भर में पार्टी समर्थकों ने भी बढ़ चढ़कर इस अभियान में अपनी भागीदारी की। पार्टी के इस आयोजन के साथ ही 21 नवम्बर को होने वाले हर घर कमल दीपावली अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का वातावरण है।

मेरा घर भाजपा का घर अभियान के तहत गुरूवार को सुबह से ही कार्यकर्ताओं ने अपने अपने घरों पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगाया। पार्टी के वरिष्ठ नेतागणों ने भी अभियान में भागीदारी की। भोपाल सांसद श्री आलोक संजर, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, भोपाल उत्तर की पार्टी प्रत्याशी श्रीमती फातिमा रसूल सिद्दीकी सहित प्रदेश भर में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का झंडा फहराया।

बहुत अच्छी तरह सरकार चला रहें शिवराज, उन्हें समर्थन दें : उमाश्री भारती

केंद्रीय मंत्री उमाश्री भारती ने गुरुवार को जिले के खरगापुर एवं महाराजपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं लीं। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार द्वारा किए जा रहे कामों की निरंतरता बनाए रखने के उन्हें समर्थन दें।

केंद्रीय मंत्री उमाश्री भारती ने खरगापुर के भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी एवं महाराजपुर में प्रत्याशी मानवेंद्रसिंह के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में मैंने मेहनत और संघर्ष करके प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाई। उसी सरकार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इतने अच्छे तरीके से चला रहे हैं, शायद मैं भी उतने अच्छी तरह नहीं चला पाती। सुश्री भारती ने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गंगा की सफाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश की शिवराज सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के कामों की निरंतरता को बनाए रखने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।


महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाली कांग्रेस को 28 नवंबर को दें जवाब :  स्मृति ईरानी

महिलाओं को कांग्रेस सजावट की चीज मानती है और उनका आदर नहीं करती। महिलाओं पर तुच्छ टिप्पणी करने वाली कांग्रेस की सभ्यता के खिलाफ  28 नवंबर को वोट करना है, ताकि कांग्रेस यह समझ सके की महिला शक्ति के वोट में कितनी ताकत है। यह बात श्रीमती स्मृति ईरानी ने गुरुवार को सीहोर एवं भोपाल में चुनावी जनसभाओं में कही।

श्रीमती ईरानी गुरूवार को जबलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सीहोर पहुंची। हेलीपैड पर पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री सीताराम यादव, श्रीमती अरुणा राय सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने श्रीमती ईरानी की अगवानी की। सीहोर के गंज क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी श्री सुदेश राय के समर्थन में केन्द्रीय मंत्री ने विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से झूठे वादे के जरिए जनता को ठगा है। कर्नाटक में कर्जमाफी का वादा करने के बाद किसानों को नोटिस थमाए जा रहे है। कांग्रेस की कथनी और करनी दोनों का अंतर जनता के सामने है। कर्नाटक के बाद अब मध्यप्रदेश में भी वह जनता से झूठे वादे कर रही है। लेकिन जनता कांग्रेस के इन झूठे वादों में नहीं आने वाली।

भोपाल उत्तर विधानसभा के इब्राहिमगंज में पार्टी प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती ईरानी ने कहा कि एक बेटी पार्टी प्रत्याशी के तौर पर जनता के बीच है। महिलाओं को सशक्त बनाने का काम मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया है। बेटियां जन्म से पूजी जाए इसके लिए गरीब की बेटी को लाड़ली लक्ष्मी के जरिए 1 लाख रूपए देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। प्रदेश की 27 लाख से अधिक बेटियों को लाडली लक्ष्मी का उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म के साथ उसके लालन पालन और पढाई लिखाई की चिंता उनके मामा शिवराजसिंह चौहान कर रहे हैं। बेटियों को निशुल्क साइकिलें वितरित की गई ताकि वे पढ़ाई के लिए स्कूल तक जा सके। महिला सशक्तिकरण के लिए सर्वाधिक काम मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किए है।

विकास रूपी प्रकाश देने वाली भाजपा को आशीर्वाद दें

श्रीमती ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के समय मध्यप्रदेश बीमारू था और यहां की जनता मोमबत्तियों में जीवन यापन करती थी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास रूपी प्रकाश देकर इन 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास रूपी प्रकाश देने वाली भारतीय जनता पार्टी को 28 नवंबर को आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि आप जो वोट देंगे यह वोट सिर्फ शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान देने वाली सरकार के लिए देंगे। वहीं 28 नवंबर को आप कांग्रेस रूपी ऐसी पार्टी के विरोध में मतदान करें जो महिलाओं को सजावट की चीज मानती है।

बिना भेदभाव के शिवराज जी ने विकास किया

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दकी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास है। उस मूलमंत्र को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने साकार किया है। उन्होंने बिना भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं बनायी है। सांसद श्री आलोक संजर ने कहा कि एक बेटी पार्टी प्रत्याशी के तौर पर आपके सामने है। इस क्षेत्र के विकास के लिए भारी मतों से विजयी बनाएं। इस अवसर पर महापौर श्री आलोक शर्मा और श्री कृष्णमोहन सोनी भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री का पांच दिवसीय प्रदेश दौरा 16 से

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 से 25 नवंबर के बीच पांच दिन प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश के विभिन्न जिलों में सभाओं को संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे शहडोल एवं शाम 05.05 बजे ग्वालियर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। 18 नवंबर को प्रधानमंत्री 3.15 बजे छिंदवाड़ा और 6.15 बजे इंदौर में, 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे झाबुआ और 4.05 बजे रीवा में, 24 नवंबर को दोपहर 12 बजे मंदसौर और 3.35 बजे छतरपुर में तथा 25 नवंबर को 3.25 बजे विदिशा और शाम 6 बजे जबलपुर जिलों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास कार्यक्रम

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह 16 नवंबर को विमान द्वारा खजुराहो पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा टीकमगढ़ पहुंचकर 11.50 बजे सभा को संबोधित करेंगे। आप टीकमगढ़ से 1.35 बजे सागर पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। सागर से 2.40 बजे दमोह पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे दमोह से खजुराहो होते हुए दिल्ली रवाना होंगे।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26608498

Todays Visiter:2597