Publish Date:06-Jan-2017 20:07:59
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वर्ष 2017 की अपनी प्रतिबद्धताएं सार्वजनिक कर दी है। प्रशासन में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस और प्रशासन की कार्य कक्षा की धुरी दृष्टि पत्र संकल्प पत्र 2013 गतिविधियों का केन्द्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में जिस तरह मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगी है, विध्वंसक गतिविधियों से संलिप्त गिराहों पर शिकंजा कसा गया है, इसके लिए प्रशासकीय अधिकारियों की पीठ थपथपायी है। वहीं उन्होंने प्रशासकीय कार्य में गैर जवाबदेही, भ्रष्टाचार करने वालों की मुस्कें खींचने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर के अधिकारी, कर्मचारी में बख्शा नहीं जायेगा। इससे दैनंदिन जीवन में प्रशासन से सरोकार रखने वालों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी योजना के दायरे में प्रशासकीय विभागों को लाया जा चुका है जिससे दैनंदिन जीवन के आवश्यक कार्य समय सीमा में निपटाए जाने से जहां निचले स्तर पर होने वाले भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है वहीं जनता को सुकून मिला है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र की भावना को प्रशासकीय स्तर पर अमल में लाने के लिए शीर्ष और जिले के अधिकारियों से भी अपेक्षा की है कि वे जनता से रूबरू हो और सीधा संवाद करें। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर प्रशासन और जनता के बीच संवाद सेतु बनाकर जनआकांक्षाओं पर खरे उतरे। इससे जनता में शासन प्रशासन के प्रति विश्वास जगेगा। जनसहयोग से विकास के कार्यो में गति आने के साथ जनता की नब्ज पर प्रशासन का हाथ रहेगा।
नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि प्रशासकीय स्तर पर भ्रष्टाचार का कलंक न लगे इसकी संयुक्त जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री ने मंत्री से लेकर सचिवों तक पर डाली है। इसका अपेक्षित नतीजा आयेगा और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की घोषणा हकीकत में बदलेगी। संकल्प पत्र 2013 पार्टी का संकल्प है जिस पर राज्य की जनता ने पार्टी को जनादेश दिया है। इसे न्यूनतम कार्यक्रम के रूप में पूरा किया जा रहा है। अधिकांश बिन्दुओं पर काम पूरा हो चुका है। शेष प्रक्रिया में है। इस पर जनता ने संतोष व्यक्त किया है। लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में जनता ने विजय का आशीर्वाद देकर द्विगुणित मनोबल से कार्य करने की प्रेरणा दी है।