Publish Date:06-Nov-2016 21:34:53
उमरिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने आज उमरिया जिले में सघन जनसंपर्क कर पार्टी प्रत्याशी ज्ञानसिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जितना पसीना बहाएंगे उतना ही जीत का आकड़ा बढ़ेगा। कार्यकर्ता प्राणप्रण के साथ मेहनत कर आदिवासी नेता ज्ञानसिंह को विजयी बनायें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश सहित शहडोल, अनूपपुर आदिवासी अंचल का विकास किया है। आने वाले समय में यहां और विकास होगा। अनुभवी नेता ज्ञानसिंह इस क्षेत्र का सर्वांगिण विकास करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि यहां की मिट्टी में पैदा हुए नेता ज्ञानसिंह की आवाज जब संसद में गुजेंगी तो यह आपके लिए स्वाभिमान की बात होगी। यह उपचुनाव स्वाभिमान और प्रतिष्ठा का उपचुनाव है।
चौहान ने उमरिया में सेक्टर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता के साथ मेहनत करे और हर बूथ भाजपामय बनायें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता उल-जुलूल बयानबाजी कर रहें हैं। इनका करारा जवाब हमें शहडोल की जीत के रूप में देना है। कार्यकर्ता प्राणप्रण के साथ जुटे और स्वयं को पार्टी प्रत्याशी ज्ञान सिंह मानकर चुनाव मैदान में उतरे।
सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, वरिष्ठ मंत्री लालसिंह आर्य, गगनेन्द्र प्रताप सिंह, निखिलेश मिश्रा, दिनेश त्रिपाठी, नंदा ठाकुर, श्रीमती रजनी यादव सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।