23-Apr-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मध्यप्रदेश की भाजपा परिवार भाव का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण- डॉ.सहस्रबुद्धे

Previous
Next

भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन
विमुद्रीकरण से दुराचारियों को बड़ा झटका लगा

सागर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने कहा है कि विमुद्रीकरण के कारण काले धन पर जो प्रहार हुआ है, उससे दुनिया में जितने दुराचार होते हैं, उन सभी को करने वाले प्रभावित हुए हैं। कश्मीर में पत्थर फेंकने वाली इंडस्ट्री बंद हो गई है। इतना ही नहीं नक्सलवादियों की भी कमर टूट गई है। मादक द्रव्यों को जो आयात होता था, वह बड़े पैमाने पर घटा है। नेपाल और बांग्लादेश से मानव तस्करी जैसे दुष्कृत जिनका कारोबार लगभग 20,000 करोड़ के आसपास होता था, उन्हें भी इस विमुद्रीकरण के कारण भारी झटका लगा है। देश आज साफ-सुथरे रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। बैंकों में भरपूर मात्रा में पैसा आया है, और आम आदमी को उसका लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बैंक ऋण सस्ते हो गए। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से यह एक बड़ा कदम है। मजेदार बात यह है कि विमुद्रीकरण से एक वर्ग का विचित्रिकरण हुआ है। आर्थिक जगत का दोहरापन इससे समाप्त हुआ है। कुछ लोग अपने निजी कारणों से विमुद्रीकरण का विरोध कर रहे हैं। यद्यपि उनके पास कोई तर्क नहीं है। भाजपा की सरकार के इस साहसिक निर्णय के साथ है, और लोकतंत्र में चुनाव का पैमाना होता है कि हम विमुद्रीकरण के बाद से निरंतर चुनाव जीत रहे हैं। कारण बहुत साफ है कि सर्वोच्च स्थान पर बैठे व्यक्ति के इरादों पर जनता को तनिक भी संदेह नहीं है।

डॉ. सहस्रबुद्धे ने नर्मदा सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के नेतृत्व में जन आंदोलन का यह अनूठा उदाहरण है। इतिहास में इसे स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने लोक सेवा गारंटी योजना और आनंद मंत्रालय जैसे विभाग शुरू करने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित अन्य राज्य भी इसी प्रकार के कुछ प्रयोग कर रहे हैं, जैसे गुजरात में आदर्श थाने बनाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में डिजिटल स्कूल की संकल्पना मूर्त रूप ले रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में नया रायपुर भ्रमण के बहाने नई पद्धति से अपना विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी को सुझाव देते हुए कहा कि संगठन में अधिक अच्छा व्यक्त करने की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के जन्म शताब्दी वर्ष में कुछ आदर्श पार्षद सरपंच आदि को पुरस्कृत किया जा सकता है। इससे एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित होगी मंच पर उपस्थित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने इस बात पर सहमति व्यक्त करते हुए इसमें मंत्री और विधायकों को भी शामिल करने की बात कही।

भाजपा की विजय यात्रा और मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को अब कोई रोक नहीं सकता - शिवराजसिंह चौहान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह विशेषता है कि एक परिवार है और इस परिवार की सरकार मध्यप्रदेश में अपने पूरे संस्कारों के साथ विकास में जुटी हुई है। आज सौभाग्य से भारत की सरकार भी एक ऐसे वैश्विक नेता के हाथ में हैं, जिनके इरादों में भारत माता को सर्वोच्च सिंहासन पर ले जाना है। उनके आशीर्वाद से और मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण अब मध्यप्रदेश के विकास को कोई रोक नहीं सकता, और हम देख रहे हैं कि भाजपा के विजय रथ को भी अब नहीं रोका जा सकता।

अपने समापन भाषण के प्रारंभ में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि सुंदरलाल पटवा जी, कुशाभाऊ ठाकरेजी, राजमाताजी, प्यारेलाल खण्डेलवालजी और कैलाश जोशीजी जैसी शख्सियत ने हमें पारिवारिक संस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां पार्टी में परिवार है, जबकि आजकल के राजनीतिक दृश्य में परिवार में पार्टियों देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यसमिति की बैठक में भी परिवार भाव बहुत स्पष्ट रुप से दिखाई देता है। मुख्यमंत्री जी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहां की श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व में स्वाभिमान के साथ ऊंचा मुकाम हासिल कर चुका है। भारत निश्चित ही विश्व को राह दिखाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार एक दूसरे के पूरक है, और सरकार के कार्यक्रमों को नीचे तक जनता तक ले जाने की जिम्मेदारी संगठन के कार्यकर्ताओं की है। इस दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम करती है और इसी दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता काम करते हैं।

उन्होंने बताया कि 14 जनवरी से आनंद विभाग के 1 सप्ताह के कार्यक्रम होंगे 14 जनवरी के दिन ही ‘‘आनंदम’’ नाम का एक बड़ा आयोजन होगा। जिसमें एक नियत स्थान पर जिन लोगों पर जो सामान अधिक है, वह छोड़कर जाएंगे और जिन्हें इसकी आवश्यकता है वह लेकर जाएंगे। अर्थात दोनों ही पक्षों को आनंद ही आनंद होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ठीक 11.30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग गंभीर बीमारियों का इलाज कराने में सक्षम नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार उनका इलाज कराने की व्यवस्था करने जा रही है। बड़े-बड़े विशेषज्ञों द्वारा ऐसे लोगों का इलाज किया जाए, इसकी व्यवस्था हो रही है। उन्होंने पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अपने क्षेत्र में गंभीर रुप से बीमार लोगों को चिन्हित करें, और उन्हें ससम्मान इलाज के लिए लेकर आए। महिला मोर्चा से कहा कि विवाह समारोह का समय आ रहा है। ऐसे किसी भी पिता की बेटी विवाह से वंचित नहीं होना चाहिए, जिनकी आर्थिक सामर्थ नहीं है, मध्यप्रदेश की सरकार ऐसी सभी बेटियों की शादी करेगी। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा कोई सुख नहीं है, इसलिए हमारे कार्यकर्ताओं को सुख को लूटने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बेटियों के विषय में अपनी भावनाओं को लेकर कई रोचक संस्मरण सभी कार्यकर्ताओं को सुनाएं। उन्होंने कहा कि बेटियों की शादी में एक आठवां वचन भी हमें कराना है और उसका नाम है बेटी बचाओ।

सभी 51 जिलों में जाएंगे मुख्यमंत्री

पं. दीनदयाल जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत मुख्यमंत्री की योजना है कि वे सभी 51 जिलों में जाएंगे और दीनदयाल जी और एकात्म मानवदर्शन पर व्याख्यान देंगे। वह रात्रि विश्राम भी उसी स्थान पर करेंगे, जिस स्थान पर उनका व्याख्यान रहेगा। मुख्यमंत्री जी ने इस आशय की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि शाम को हम सभी लोग सहज बैठेंगे और आप सब लोग अपना-अपना भोजन लेकर आएंगे। उन सभी जिलों में 1 वर्ष के भीतर मुख्यमंत्री जी का प्रवास होगा। उन्होंने कहा कि कमल क्लब जैसी कल्पना भी की जानी चाहिए। जिसमें कोई भाषण नहीं होगा बल्कि कार्यकर्ता कविता, कहानी, रंगोली, मेहंदी, व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता आदि के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रकट करें।            

उन्होंने महिला मोर्चा से कहा कि महिलाओं की सहायता के लिए उनके आर्थिक विकास के लिए स्व सहायता समूहों का एक आंदोलन खड़ा करना चाहिए। उन्होंने अल्पसंख्यक मोर्चा को भी कहा कि यह ध्यान देने की बात है, जिस कांग्रेस के शासन में अल्पसंख्यक बंधुओं को कुछ हासिल नहीं होता था। हमने अभी तक 1.10 लाख अल्पसंख्यक बच्चों को स्कॉलरशिप दी है। इसी प्रकार से अनुसूचित समाज के लिए भी भाजपा की सरकार ने अत्यंत प्रभावकारी कार्य किए हैं। अनुसूचित जनजातियों विशेषकर घुमक्कड़ प्रजाति के 51 जातियों के लिए भी सरकार ने प्रयत्न किए हैं। सबका कल्याण ही भाजपा की सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता की दिशा में हमें व्यापकं प्रयत्न करने चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने संगठन खड़ा करने के लिए अपनी पहली पद यात्रा के संस्मरण भी कार्यकर्ताओं के बीच रखें। उन्होंने कहा कि किसानो की आय दोगुनी करके ही हम दम लेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को छोटी छोटी बहुत सारी बातें बतायी, जैसे शिक्षा के लिए हमें क्या करना चाहिए ? स्कूलों की गुणवत्ता कैसे सुधारी जा सकती है ? उन्होंने कहा कि जब हम सामाजिक सरोकारों से जुड़ जाते हैं, तो विकास की गति अत्यंत तीव्र हो जाती है, और कार्यकर्ता का विकास भी सही दिशा में होता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यसमिति को ड्रिप इरीगेशन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने कृषि क्षेत्र में व्यापक कदम उठाए हैं, और इससे लाखों हेक्टेयर जमीन सिंचित होने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि जब नर्मदा के पानी की मांग चारों ओर से उठने लगी तब उनके दिमाग में नर्मदा जल स्तर बढ़ाने के लिए नमामि नर्मदे अथवा नर्मदा सेवा यात्रा का विचार आया। उन्होंने कहा कि नर्मदा की तरह ही प्रदेश की नदियों का विकास किया जाएगा। उन्होंने मंत्री, विधायक और अन्य सभी से नर्मदा सेवा यात्रा में भाग लेने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री जी ने अंत में कहा कि इस जिंदगी को मिशन की तरह जियो, यही संगठन मंत्र है।

हमें समाज जोड़ो अभियान में जुटना है - नंदकुमारसिंह चौहान

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने समापन सत्र में उद्बोधन देते हुए कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ताओं को समाज जोड़ो अभियान में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकार समाज के उत्थान के लिए दिन रात काम कर रही है। आज हमारे लिए पूरी तरह अनुकूल वातावरण है। केंद्र में हमारी सरकार है। राज्य में हमारी सरकार है, और स्थानीय निकायों में भी हमारे कार्यकर्ता शासन में हैं। ऐसी परिस्थितियों में हमें समाज के विकास का कोई मौका नहीं गंवाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने समाज के चहुमुखी विकास के लिए जो कार्यक्रम बनाए है। उन कार्यक्रमों को लेकर पार्टी के भीतर अत्यंत उत्साह का वातावरण है। यह सारा वातावरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसकी जिम्मेदारी भी पार्टी कार्यकर्ता की है। हमारी सक्रियता समन्वय और संवाद कौशल से यह काम बखूबी होगा। अपने व्यवहार में अपनापन लाकर और बड़प्पन का इजहार करके हम इस कार्य को बखूबी कर सकते हैं।

समापन सत्र के मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते भी उपस्थित थे। समापन सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोहर उंटवाल ने किया।

Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26589861

Todays Visiter:5105