Publish Date:19-Feb-2017 18:50:26
उत्तरप्रदेश की चुनावी सभाओं में कहा भाजपा समृद्धि लायेगी
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज उत्तरप्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा गरीबों के कल्याण के लिये गरीब कल्याण एजेंडा बना रही है। इसके माध्यम से गरीबों को रोटी-कपड़ा-मकान और पढ़ाई-लिखाई-दवाई-दुकान की सुविधा मिलेगीं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र मुगरा और राबर्ट्सगंज में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि उत्तरप्रदेश में बाप-बेटे-बहू की सरकार है। आम जनता की कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार सिर्फ अपना भला करते है। लोगों के दुःख-दर्द से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के विकास का एंजेंडा साफ है। इसके अनुसार विकास का काम सबके साथ मिलकर पूरा होगा। जनता से ऊपर कोई नहीं है। जनता की हिफाजत ही प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों, उद्यमियों सहित समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिये गये हैं। सम्मान दिया गया है। विकास के कामों में सबको भागीदारी के मौके मिले हैं। भाजपा की सरकार बनते ही उत्तरप्रदेश का भी कायाकल्प हो जायेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। बच्चों को पढ़ाई के मौके मिलेंगे। महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण होगा। पूरे प्रदेश में समृद्धि आयेगी।
मध्यप्रदेश में किसानों, मजदूरों, आम आदमी को सम्मान और संरक्षा सुनिश्चित हुआ
खंडवा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि 2003 में प्रदेश में राजनैतिक सत्ता परिवर्तन के बाद गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवक परस्त सरकार का अवतरण हुआ और समय ने पलटा खाया। जनता की तकदीर और प्रदेश की तस्वीर बदली है। गांव, गरीब, किसान की तकदीर भाग्यलक्ष्मी मुस्कुराई। कांग्रेस के शासन में किसानों को कर्ज न चुकाने पर अपमानित होना पड़ता था। उनके बर्तन, भाड़े, बैल जोड़ी तक कुर्क कर ली जाती थी। 18 प्रतिशत मंहगे ब्याज पर कर्ज मिलता था और कर्ज ग्रस्त किसान को कर्ज न चुकाने पर बेईमान कहा जाता था। जबकि यह उसकी मजबूरी थी। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने ब्याज दर जीरों प्रतिशत कर दी है। इससे किसान की ऋणग्रस्तता पर प्रहार हुआ है। खाद और बीज पर मिलने वाले कर्ज के मूलधन पर भुगतान के समय 10 प्रतिशत की छूट दी गयी है। केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उपहार किसानों को दिया है, जिससे किसानों के जोखिम में केन्द्र सरकार और राज्य सरकार साझेदार हो गयी है। आज वितरित किये जा रहे है फसल बीमा दावा प्रमाण-पत्र प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उदारता का ही नतीजा है। नंदकुमार सिंह चौहान आज खंडवा में फसल बीमा योजना दावा प्रमाण पत्र वितरित कर रहे थे।
विकास और परितर्वन की चाहत में उत्तरप्रदेश का चुनाव मोदीमय हुआ- आलोक संजर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और सांसद आलोक संजर ने उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार में सक्रियता से भाग के बाद लौटने पर बताया कि उत्तरप्रदेश में राजनैतिक परिवर्तन अपरिहार्य हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धुंआधार दौरों ने उत्तर प्रदेश जनता को मोदी के आव्हान पर बदलाव लाने के लिए आतुर कर दिया है। लहर की जगह भाजपा के समर्थन में एक सुनामी नजर आ रही है। इसका स्पष्ट कारण है कि उत्तर प्रदेश की जनता के सामने भाजपा शासित राज्यों का परिदृश्य सामने है। इन राज्यों में बिजली, पानी, शिक्षा स्वास्थ्य, रोजगार की सुविधाएं मुंह मांगी मयस्सर है। जबकि उत्तरप्रदेश बिजली के अभाव में अंधकार से जूझ रहा है। कानून व्यवस्था के नाम पर गुंडा राज में जिसकी लाठी उसकी भैंस की कहावत चरितार्थ हो रही है।
उन्होनें बताया कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय की मंशा रही है कि चुनाव विकास के अजेंडा पर लड़े जाये। राजनैतिक परिष्कार के मुद्दों पर बहस हो। लेकिन भाजपा ही एकल दल है जिसने विकास केन्द्रित प्रचार रचा। विपक्षी दल चाहे सपा, बसपा अथवा कांग्रेस हो सभी ने आयोग की मंशा के विपरीत जाति पांति, धर्म सम्प्रदाय, तुष्टीकरण के दायरे से बाहर निकलने की कोशिश नहीं की है जिससे उनके सामने मुद्दा विहीनता है। जनता ने नकारात्मक प्रचार से तोबा कर लिया है, क्योंकि वे विरोध की मर्यादा भी कायम नहीं रखे सके। भाषा की मर्यादा कांग्रेस ने गुजरात चुनाव में भी खंडित की थी और उसका खामियाजा भुगता है। दूसरी ओर श्री नरेंद्र मोदी ने 2014 सोलहवीं लोकसभा चुनाव में विकास और सकारात्मक राजनीति को मुद्दा बनाया और जनता से प्रचंड बहुमत के साथ जनादेश हासिल किया। कांग्रेस ने भाषा की मर्यादा खंडित करके राज्य गंवाये है और कुल मिलाकर 7 प्रतिशत भूभाग पर ही कांग्रेस का परचम शेष बचा है। दूसरी और भाजपा का देश में डंका पीट रही है।